पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करते जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर। | Source: Chrome

पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करते जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर।Source : Chrome

बांकीपुर उपचुनाव के बीच जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि CJP छात्र-युवाओं के मुद्दों को लेकर बिहार में काम करने आती है तो जन सुराज उनका स्वागत करेगी। साथ ही उन्होंने छात्र आंदोलन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भी अपनी राय रखी।

बिहार आने पर CJP का करेंगे स्वागत

प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि CJP बिहार में छात्रों और युवाओं के हितों के लिए काम करने आती है, तो जन सुराज पार्टी उसका स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुआ आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि युवाओं के बेहतर भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का आंदोलन था।

सोनम वांगचुक और छात्र आंदोलन का किया जिक्र

जन सुराज प्रमुख ने कहा कि सोनम वांगचुक उनके मित्र हैं और छात्र आंदोलन को किसी एक संगठन तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर जरूरी कार्रवाई नहीं हुई तो चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कही यह बात

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन के दबाव के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज अब लगातार मजबूत हो रही है और आगे भी ऐसे आंदोलनों का असर देखने को मिलेगा।

तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जब प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, तब केवल एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने का औचित्य क्या था। उन्होंने मांग की कि बिहार पुलिस स्पष्ट करे कि गिरफ्तारी किन धाराओं के तहत की गई। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध का मामला बताया।

बीजेपी पर भी लगाए आरोप

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव के दौरान बीजेपी पर आरोप लगाया कि जीविका दीदियों के माध्यम से मतदाताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की।