पटना। बांकीपुर में रोजगार का मुद्दा अब स्थानीय लोगों की सक्रियता के केंद्र में नजर आ रहा है। 10 हजार रोजगार उपलब्ध कराने के प्रशांत किशोर के वादे के बाद युवा अपना सीवी लेकर जन सुराज पार्टी कार्यालय पहुंच रहे हैं। पार्टी के मुताबिक, रोजाना करीब 40 से 50 लोग रोजगार से जुड़ी जानकारी लेने कार्यालय पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या युवाओं की है, जो सीवी जमा करने के साथ रोजगार के अवसरों को लेकर जानकारी हासिल कर रहे हैं।
रोजगार के साथ बांकीपुर के लोगों ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को भी सामने रखना शुरू किया है। पार्टी कार्यालय पहुंचने वाले लोग सड़क, जलजमाव, नाली, साफ-सफाई और यातायात से जुड़ी समस्याओं पर नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजगार के अवसर जरूरी हैं, लेकिन क्षेत्र की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
जन सुराज की ओर से बताया गया है कि कार्यालय आने वाले लोगों की समस्याओं और सुझावों को दर्ज किया जा रहा है। इन्हें संबंधित स्तर पर उठाने की तैयारी है। पार्टी का कहना है कि रोजगार और स्थानीय सुविधाओं को लेकर लोगों की बढ़ती भागीदारी से क्षेत्र के मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता सामने आ रही है।
बांकीपुर में रोजगार का मुद्दा प्रशांत किशोर के उस वादे से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने विधायक बनने के बाद विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसी वादे के बाद रोजगार की तलाश कर रहे लोग पार्टी कार्यालय में अपने बायोडाटा जमा कर रहे हैं।
इससे पहले प्रशांत किशोर ने शपथ लेने के बाद बांकीपुर के सभी वार्डों में जन आभार कार्यक्रम के जरिए स्थानीय लोगों से संवाद किया था। इन कार्यक्रमों में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी थीं। इसके बाद पटना और बांकीपुर में यातायात की समस्या, सूखा नशा और कथित गैरकानूनी वसूली जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने डीजीपी से मुलाकात भी की थी।
अब रोजगार के लिए सीवी जमा करने के साथ स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों के पार्टी कार्यालय पहुंचने से बांकीपुर में रोजगार और क्षेत्रीय विकास दोनों मुद्दे चर्चा के केंद्र में
हैं।
