बिहार की राजधानी पटना में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार सुबह 9 बजे जारी विशेष बुलेटिन में बताया कि शहर में अगले दो घंटे तक मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जुलाई की शाम 5:30 बजे से 11 जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक अनीसाबाद में 46.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसे देखते हुए पटना के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Source : Prabhat khabar
अगले दो घंटे में 30-40 मिमी और बारिश की संभावना
आईएमडी के मुताबिक, अगले दो घंटे के दौरान पटना के विभिन्न इलाकों में 30 से 40 मिमी अतिरिक्त बारिश हो सकती है। ऐसे में 10 जुलाई की शाम 5:30 बजे से 11 जुलाई की शाम 5:30 बजे तक शहर में कुल वर्षा 75 से 85 मिमी तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों, अंडरपास और जल निकासी की खराब व्यवस्था वाले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही प्रमुख सड़कों और व्यस्त चौराहों पर यातायात प्रभावित होने तथा वाहनों की रफ्तार धीमी रहने की आशंका है। कई रिहायशी इलाकों में भी स्थानीय स्तर पर जलभराव हो सकता है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
आईएमडी ने कहा है कि लगातार बारिश से दृश्यता कम हो सकती है और सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा परिवहन व्यवस्था और सामान्य शहरी गतिविधियां भी आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं नगर निकाय और संबंधित एजेंसियों को जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने तथा संभावित जलभराव से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बिहार के कई जिलों में बारिश का असर
शुक्रवार से बिहार के कई जिलों में मानसून का असर देखने को मिला है। पटना के मोकामा में तेज बारिश के कारण रेफरल अस्पताल परिसर जलमग्न हो गया और अस्पताल के भीतर तक पानी भर गया। भागलपुर में गरज के साथ हुई बारिश से किसानों को राहत मिली और उमस भरी गर्मी से निजात मिली, हालांकि कई इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आई। गोपालगंज में लगातार बारिश के दौरान वज्रपात से दो किसानों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलस गए। सीतामढ़ी में रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हुआ, लेकिन धान की रोपाई के लिए किसान अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं सीवान में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और किसान भी संतुष्ट नजर आए।
