नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) गुट की नेता और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के विवाह समारोह का दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई चर्चित हस्तियों की मौजूदगी के कारण खास रहा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी समेत कई प्रमुख नेता पहुंचे। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
erereSource : erere
PM मोदी ने प्रियंका गांधी से पूछा हालचाल, जवाब ने खींचा ध्यान
समारोह से सामने आए एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेता आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछते हुए सुना जा सकता है, ‘प्रियंका जी कैसी हैं आप?’ इसके जवाब में प्रियंका गांधी कहती हैं, ‘अच्छी हूं, आप कैसे हैं?’ इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब देते हुए कहते हैं, ‘मैं तो वैसा ही हूं।’ बातचीत के इसी सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी सुनाई देती है, जिसके बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच हंसी का माहौल बन जाता है।
खरगे की एक बात और फिर लग गए ठहाके
वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बाद मल्लिकार्जुन खरगे कहते हुए सुनाई देते हैं, ‘साहब थोड़ा बदल गए हैं।’ खरगे की यह टिप्पणी सुनकर वहां मौजूद नेता हंस पड़ते हैं। राजनीतिक रूप से अलग-अलग विचारधाराओं वाले कई बड़े नेताओं की एक साथ मौजूदगी और उनके बीच हुई यह हल्की-फुल्की बातचीत वीडियो सामने आने के बाद चर्चा का विषय बन गई है।
यह पूरा प्रसंग सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के दिल्ली में आयोजित विवाह रिसेप्शन के दौरान का बताया जा रहा है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर विपक्ष के कई प्रमुख नेता और अन्य चर्चित हस्तियां मौजूद थीं।
दिल्ली रिसेप्शन में जुटे राजनीति और फिल्म जगत के कई बड़े नाम
रेवती सुले के विवाह रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी और कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा और सांसद-अभिनेता रवि किशन भी समारोह में पहुंचे।
फिल्म जगत से अभिनेता अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, रणबीर कपूर और फरहान अख्तर समेत कई चर्चित हस्तियों ने भी समारोह में शिरकत की। इस वजह से यह रिसेप्शन राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खास आकर्षण का केंद्र रहा।
कौन हैं रेवती सुले और सारंग लखानी?
सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है। उनकी शादी उद्योगपति सारंग लखानी के साथ जून में ही हुई थी। इसके बाद दिल्ली में विवाह रिसेप्शन का आयोजन किया गया, जिसमें राजनीति, उद्योग और मनोरंजन जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल हुए।
सारंग लखानी के पिता अरुण लखानी विश्वराज ग्रुप के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं। हाल ही में अरुण लखानी महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। सारंग लखानी विश्वराज ग्रुप में कार्यकारी निदेशक हैं।
