पेपर लीक विवाद के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर, युवराज सिंह और शुभमन गिल ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों के लिए संदेश साझा किए। तीनों ने शिक्षा, संवाद और युवाओं के बेहतर भविष्य पर जोर देते हुए शांतिपूर्ण माहौल में समाधान निकालने की अपील की।
NEET-UG Protest: 'उन्हें दबाइए मत...,' संजय मांजरेकर ने छात्रों के प्रदर्शन का किया समर्थनSource : Abp news.com
नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने युवाओं के भविष्य और उनकी आवाज को महत्व देने की अपील करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। उनका यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा और बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
संजय मांजरेकर ने X पर लिखा, "मैं भारत के युवाओं के साथ खड़ा हूं। उन्हें दबाइए मत, उन्हें उड़ान भरने का मौका दीजिए। यही युवा भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।"
उनके इस संदेश को छात्र आंदोलन के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मांजरेकर के बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों ने इसे युवाओं की आवाज के पक्ष में दिया गया महत्वपूर्ण संदेश बताया। पेपर लीक विवाद को लेकर लगातार बढ़ रही बहस के बीच कई खिलाड़ियों और सार्वजनिक हस्तियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
युवराज सिंह ने स्टोरी के जरिए दिया संदेश
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक स्टोरी साझा कर छात्रों के लिए संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश के हर बच्चे, छात्र, महिला और पुरुष को शांति से सीखने, सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिलना चाहिए।
युवराज सिंह ने अपनी स्टोरी में लिखा, "हर बच्चे, छात्र, महिला और पुरुष से मेरा निवेदन है कि आप शांति से सीखने, सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के अवसर के हकदार हैं। आपका कल्याण एक उज्ज्वल भारत की नींव है। आइए, हम सब मिलकर देखभाल, अवसर और आशा से भरा समाज बनाएं। संवाद के माध्यम से हम भारत के भविष्य के लिए सौहार्दपूर्ण समाधान निकाल सकते हैं।"
शुभमन गिल ने क्या कहा?
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक युवा भारतीय के तौर पर उनका मानना है कि देश के हर युवा को सीखने, सपने देखने और अपने भविष्य को संवारने का समान अवसर मिलना चाहिए।
शुभमन गिल ने लिखा, "एक युवा भारतीय के तौर पर मेरा मानना है कि हमारी पीढ़ी को सीखने, सपने देखने और उस भविष्य को आकार देने का हर अवसर मिलना चाहिए, जिसकी हम सभी कामना करते हैं। मैं उन सभी युवाओं का सम्मान करता हूं जो शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने में विश्वास रखते हैं।"
