tपटना: NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद विभिन्न नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी तेज प्रताप यादव की रिहाई की मांग उठाई है।


X पर पोस्ट कर उठाए सवाल

सोमवार (27 जुलाई) को शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बिहार के सीवान, पटना, छपरा समेत कई जगहों पर हुए प्रदर्शन और प्रशासन की कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने प्रशासन के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली में हुए समझौते की तर्ज पर बिहार में भी आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लिया जाना चाहिए।


‘तेज प्रताप को तुरंत रिहा किया जाए’

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पोस्ट में तेज प्रताप यादव की तत्काल रिहाई की मांग की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या यह कार्रवाई राजनीतिक कारणों से की गई है। अपने पोस्ट में उन्होंने यह आशंका भी जताई कि तेज प्रताप यादव द्वारा गिरफ्तारी से पहले प्रशांत किशोर को समर्थन देने का इससे कोई संबंध तो नहीं है।


बांकीपुर सीट को लेकर भी उठाया सवाल

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पोस्ट में बांकीपुर विधानसभा सीट का जिक्र करते हुए सवाल किया कि कहीं यह कार्रवाई चुनावी राजनीति या संभावित हार के डर से तो नहीं की गई। उन्होंने अपने पोस्ट में प्रशांत किशोर को टैग करते हुए उनकी भी सराहना की।


प्रदर्शन के दौरान हुई थी गिरफ्तारी

बताया जा रहा है कि NEET पेपर लीक के विरोध में बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन हुए थे। इन्हीं प्रदर्शनों के दौरान तेज प्रताप यादव भी छात्रों के समर्थन में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह फिलहाल पटना के बेऊर जेल में हैं।


कई जिलों में हुई कार्रवाई

मामले में बिहार के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को हिरासत में लेने और गिरफ्तार किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इस बीच तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार तेज होती जा रही हैं।