वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग से अमेरिका दहशत में है। इस कार्यक्रम में तब गोली चली, जब खुद मंच पर डोनाल्ड ट्रंप मौजूद थे। हालांकि, सीक्रेट सर्विस की टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पर अब पीएम मोदी का बयान आया है। पीएम मोदी ने हमले की निंदा की है।

PM Modi on Donald Trump: वॉशिंगटन होटल फायरिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बाल-बाल बचे हैं। डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम में हुए हमले पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया आई है। पीएम मोदी ने इस हमले की निंदा की और कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को टैग करते हुए आगे कहा कि यह जानकर राहत मिली कि वह और उनकी पत्नी ठीक हैं।

दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों की मौजूदगी में रविवार (भारतीय समयानुसार) वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी हुई। फायरिंग की आवाज आते ही राष्ट्रपति ट्रंप समेत वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यक्रम से तुरंत बाहर निकाला गया।

इस घटना पर पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह जानकर राहत मिली कि वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित और सकुशल हैं। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी एक स्वर में निंदा की जानी चाहिए।”

वहीं, इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक अपडेट शेयर किया, जिसमें उन्होंने पुष्टि की कि स्थिति नियंत्रण में आ गई है और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की। उन्होंने बताया कि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है और इवेंट को आगे जारी रखने का फैसला कानून-प्रवर्तन एजेंसियां करेंगी।

दरअसल, हिल्टन होटल में फायरिंग की आवाज सुनते ही लोगों में घबराहट फैल गई। सीक्रेट सर्विस एजेंट और अन्य सुरक्षा कर्मी तुरंत बैंक्वेट हॉल में पहुंचे। कई मेहमान टेबल के नीचे छिप गए, जबकि सुरक्षा अधिकारी लोगों को झुकने के लिए कह रहे थे। इवेंट में मौजूद कई लोगों ने 5 से 8 गोलियों जैसी आवाज सुनने की बात कही।

राष्ट्रपति ट्रंप के भाषण का इंतजार कर रहे सैकड़ों पत्रकारों, मशहूर हस्तियों और नेताओं से भरे हॉल को तुरंत खाली कराया गया। वेन्यू के अंदर नेशनल गार्ड के जवान तैनात किए गए और सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद किसी को दोबारा अंदर नहीं जाने दिया गया। आसपास के इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

गोलीबारी का मकसद पता नहीं

अधिकारियों ने अभी तक घटना की असल वजह की पुष्टि नहीं की है। एक लॉ एनफोर्समेंट अधिकारी ने बताया कि इसमें एक शूटर शामिल था, हालांकि इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

हेड टेबल पर बैठे लोगों में ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कई कैबिनेट सदस्य शामिल थे। सभी प्रमुख अधिकारियों के सुरक्षित होने की खबर है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और कैबिनेट सदस्यों को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है।

पहली बार शामिल हुए थे ट्रंप

इस डिनर में डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति के तौर पर वॉशिंगटन में आयोजित सालाना व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन इवेंट में पहली बार शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में पत्रकार, राजनीतिक हस्तियां, सेलिब्रिटी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों से जल्द और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।