भारत की पहली महिला IPS अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी रविवार को कानपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने कानपुर रोटेरियन के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने चुनावी राजनीति, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध और शहर के विकास जैसे कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह अब दोबारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से चुनाव लड़ने की गलती नहीं करेंगी।
Kiran Bedi Statement: कानपुर में किरण बेदी का बड़ा बयान, बोलीं- भाजपा से चुनाव लड़ने की गलती दोबारा नहीं करूंगीSource : Livehindustan.com
पत्रकारों ने जब उनसे राजनीति में वापसी और भविष्य में चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया तो किरण बेदी ने कहा, "भाजपा से चुनाव लड़ने की गलती मैं दोबारा नहीं कर सकती।" हालांकि, उन्होंने इस बयान के पीछे कोई विस्तृत कारण नहीं बताया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन से जुड़े सवालों पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं इन लोगों को फॉलो ही नहीं करती, इसलिए इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी।"
किरण बेदी ने इस दौरान कानपुर की हवाई सेवा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली से लखनऊ तक हवाई यात्रा करने के बाद खराब सड़कों के रास्ते कार से कानपुर आना पड़ता था, लेकिन अब दिल्ली से कानपुर की सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रा काफी आसान और सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी शहर के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है।
साइबर अपराध पर चिंता जताते हुए किरण बेदी ने कहा कि केवल कानून के भरोसे अपराधों पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकती। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करना और डिजिटल शिक्षा देना सबसे प्रभावी उपाय है। उनके मुताबिक, अपराधी अपना काम करेंगे, लेकिन समाज और सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि लोगों को सतर्क बनाया जाए और साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए जाएं।
इससे पहले किरण बेदी हाल ही में दिल्ली जिमखाना क्लब को खाली कराने के केंद्र सरकार के फैसले पर भी अपनी भावनाएं व्यक्त कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि इस फैसले की जानकारी मिलने पर उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे कोई उन्हें उनके अपने घर से बेदखल कर रहा हो। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था से ही उनका जिमखाना क्लब से गहरा जुड़ाव रहा है। वहीं, कानपुर दौरे के दौरान उन्होंने शहर की बदलती तस्वीर, बेहतर परिवहन व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की भी सराहना की।
