Source: NDTV

Source: NDTV

कर्नाटक के रायचूर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। सिंदनूर तालुक के हंचिनल कैंप इलाके में रहने वाले रजाकसाब की डेढ़ साल की बेटी अपने घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान वहां घूम रहे चार से पांच आवारा कुत्तों ने अचानक उसे घेर लिया और हमला कर दिया। बच्ची कुछ समझ पाती, उससे पहले ही कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गंभीर हालत में अस्पताल ले गए लोग

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि, कुत्तों के हमले में बच्ची को गंभीर चोटें आई थीं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में छाया मातम

इस हादसे के बाद बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का डर बना हुआ था, लेकिन इस तरह की घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है।

लोगों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि इलाके में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।