इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। बटलर अब इस फॉर्मेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के विस्फोटक पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। यह उपलब्धि उन्होंने द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान हासिल की, जहां उनकी छोटी लेकिन अहम पारी ने उन्हें इतिहास के पन्नों में जगह दिला दी।
Jos Buttler Record: जोस बटलर ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़कर मचाया तहलकाSource : Abp news.com
बटलर ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से लंदन स्पिरिट के खिलाफ मुकाबले में 11 गेंदों पर 16 रन बनाए। इसी दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने कुल रनों की संख्या 14,572 तक पहुंचा दी और क्रिस गेल के 14,562 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस तरह बटलर टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
बटलर का टी20 करियर लगातार शानदार रहा है। उन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक 9 शतक और 102 अर्धशतक लगाए हैं। दूसरी ओर, क्रिस गेल ने 455 पारियों में 14,562 रन बनाए थे, जिसमें उनके नाम 22 शतक और 88 अर्धशतक दर्ज हैं। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल कीरोन पोलार्ड के नाम है। पोलार्ड ने 663 पारियों में 14,803 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 70 अर्धशतक शामिल हैं।
अब बटलर पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ने से केवल 231 रन दूर हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए माना जा रहा है कि वह जल्द ही टी20 क्रिकेट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं। टी20 विश्व कप 2026 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले बटलर ने हाल के मुकाबलों में शानदार वापसी की है।
भारत के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी बटलर का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने पांचवें टी20 मुकाबले में केवल 64 गेंदों पर 131 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। पांच मैचों की पूरी सीरीज में उन्होंने 43 की औसत और 182 के स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए, जिससे उनकी बेहतरीन फॉर्म का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अगर सिर्फ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें तो बटलर फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 160 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 148 के स्ट्राइक रेट से 4,212 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 28 अर्धशतक निकले हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ रोहित शर्मा और बाबर आजम हैं। रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और उनके नाम 4,231 रन हैं, जबकि बाबर आजम 4,596 रन के साथ इस सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं।
