पटना। राजधानी के ज्ञान भवन में रविवार से तीन दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 200 आभूषण निर्माताओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आभूषण निर्माताओं से उनके उत्पादों व कारोबार को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कारोबारियों से कहा कि वे यहां बेहतर तरीके से अपना व्यवसाय करें, सरकार की ओर से उन्हें हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
महोत्सव में कोटा, आगरा, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता समेत कई शहरों के आभूषण निर्माता शामिल हुए हैं। आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव के जरिए ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के साथ दूसरे कारोबारियों से संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।
स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान की ओर से आयोजित यह महोत्सव 1 सितंबर तक ज्ञान भवन के कन्वेंशन हॉल में चलेगा। कार्यक्रम में विधायक राणा रणधीर सिंह, संस्थान के पदाधिकारी, आभूषण निर्माता और बड़ी संख्या में कारोबारी मौजूद रहे।
Jwellery Exhibition
