आईपीएल 2026 के बीच भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर ने शुक्रवार (22 मई) को अचानक संन्यास का ऐलान करके क्रिकेट फैंस को चौंका दिया। विजय शंकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने की जानकारी दी। उनके इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह इतनी जल्दी इस तरह क्रिकेट को अलविदा कह देंगे।
विजय शंकर ने अपने पोस्ट में लिखा, क्रिकेट मेरी जिंदगी है। मैंने 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और 25 साल के बाद मैं आभारी हूं कि मुझे हर स्तर पर और सबसे बड़े मंच पर क्रिकेट खेलने का मौका मिला। उन्होंने अपने पूरे क्रिकेट सफर को याद करते हुए कहा कि भारत के लिए खेलना उनके जीवन के सबसे गर्व और खुशी भरे पलों में शामिल रहेगा।
नए अवसरों की तलाश में लिया बड़ा फैसला
विजय शंकर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि अब वह नए अवसरों की तलाश करना चाहते हैं और ज्यादा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला लेना आसान नहीं था, लेकिन लंबे समय तक क्रिकेट खेलने के बाद अब वह अपने करियर में नए रास्तों पर आगे बढ़ना चाहते हैं।
आईपीएल 2026 ऑक्शन में नहीं मिला था कोई खरीदार
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन में विजय शंकर को कोई खरीदार नहीं मिला था। पिछले सीजन यानी आईपीएल 2025 में वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे। हालांकि इस बार किसी फ्रेंचाइजी ने उन पर दांव नहीं लगाया। विजय शंकर ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2014 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ की थी और इसके बाद उन्होंने कई टीमों के लिए अहम भूमिका निभाई।
भारत के लिए खेला व्हाइट बॉल क्रिकेट
विजय शंकर ने भारतीय टीम के लिए वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेला। उन्होंने भारत के लिए 12 वनडे मुकाबलों में 223 रन बनाए और 4 विकेट भी हासिल किए। वहीं 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके बल्ले से 101 रन निकले और उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए। ऑलराउंडर के तौर पर उन्होंने कई मौकों पर टीम इंडिया के लिए अहम योगदान दिया।
2019 वर्ल्ड कप का हिस्सा रहे थे विजय शंकर
विजय शंकर 2019 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान काफी चर्चा में आए थे। उन्हें टीम इंडिया में थ्री-डी प्लेयर के तौर पर शामिल किया गया था। अपने पोस्ट में उन्होंने वर्ल्ड कप की यादों का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच में आखिरी ओवर डालना और 2019 वर्ल्ड कप में पहली ही गेंद पर विकेट लेना उनके करियर के सबसे खास पलों में शामिल रहेगा।
आईपीएल टीमों और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन का जताया आभार
विजय शंकर ने अपने रिटायरमेंट पोस्ट में उन सभी टीमों और लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके क्रिकेट करियर में योगदान दिया। उन्होंने गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का खास तौर पर धन्यवाद किया। इसके अलावा उन्होंने तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन का भी आभार जताया, जहां उन्होंने अंडर-13 से लेकर सीनियर टीम तक क्रिकेट खेला।
फैंस हुए भावुक
विजय शंकर के संन्यास की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई क्रिकेट प्रेमियों ने उनके करियर को याद करते हुए लिखा कि वह हमेशा एक मेहनती और शांत स्वभाव वाले खिलाड़ी के रूप में याद किए जाएंगे। अब माना जा रहा है कि विजय शंकर आगे विदेशी लीग्स या क्रिकेट से जुड़े दूसरे क्षेत्रों में नजर आ सकते हैं।
