IND vs ENG Source : Abp Live
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल शृंखला का आगाज आज से होने जा रहा है। आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया के लिए यह सिर्फ एक नई शुरुआत नहीं, बल्कि खुद को फिर से साबित करने का सुनहरा मौका भी है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 मुकाबला खेलने उतरेगी। दोनों टीमें जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेंगी, लेकिन भारतीय फैंस की सबसे बड़ी नजर इस बात पर रहेगी कि क्या 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा।
पहला मुकाबला इंग्लैंड के डरहम स्थित रिवरसाइड ग्राउंड (चेस्टर-ले-स्ट्रीट) में खेला जाएगा। भारतीय समय के हिसाब से मैच रात 10:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस रात 9:30 बजे होगा। यह मुकाबला भारत के लिए काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि आयरलैंड दौरे पर मिली हार के बाद टीम का आत्मविश्वास वापस हासिल करना जरूरी है।
आयरलैंड सीरीज की हार के बाद भारत के सामने बड़ी चुनौती
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज़ पूरी तरह उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। विस्फोटक बल्लेबाजों से सजी टीम दोनों मुकाबलों में बड़ी साझेदारी बनाने और मैच पर पकड़ मजबूत करने में नाकाम रही। ऐसे में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह सीरीज भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगी। श्रेयस अय्यर के लिए भी यह विदेशी सरजमीं पर कप्तानी की बड़ी परीक्षा होगी। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनकी कप्तानी की काफी तारीफ हुई है, लेकिन इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों में राष्ट्रीय टीम की नेतृत्व करना बिल्कुल अलग चुनौती है।
क्या आज मिलेगा वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका?
इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। आयरलैंड सीरीज में उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी, लेकिन संजू सैमसन दोनों मैचों में सिर्फ 5 रन ही बना सके। ऐसे में क्रिकेट विशेषज्ञ और फैंस लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में वैभव को मौका मिलेगा।
अगर वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का अवसर मिलता है तो वह भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने पहले ही संकेत दिए हैं कि युवा खिलाड़ी को जल्दबाज़ी नहीं, बल्कि लंबी योजना के तहत तैयार किया जाएगा। इसके बावजूद मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उनके खेलने की संभावनाएं पहले से ज्यादा मजबूत मानी जा रही हैं।
वहीं अनुभवी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की वापसी भारतीय टीम के लिए राहत की खबर है। उनकी विविधता मिडिल ओवरों में इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
इंग्लैंड भी पूरी तैयारी के साथ उतरेगा मैदान में
हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। रिवरसाइड ग्राउंड की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद देती है, जबकि बाद में बल्लेबाज़ी आसान होती जाती है।
इंग्लैंड का तेज गेंदबाज़ी आक्रमण नई गेंद से भारतीय टॉप ऑर्डर को दबाव में लाने की कोशिश करेगा। वहीं भारतीय टीम आयरलैंड दौरे की खराब यादों को पीछे छोड़ते हुए शानदार वापसी करना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है।
IND vs ENG 1st T20I: मैच से जुड़ी पूरी जानकारी
मैच: भारत बनाम इंग्लैंड, पहला टी20 इंटरनेशनल
तारीख: 1 जुलाई 2026 (बुधवार)
स्थान: रिवरसाइड ग्राउंड, चेस्टर-ले-स्ट्रीट (डरहम), इंग्लैंड
टॉस: रात 9:30 बजे (IST)
मैच शुरू: रात 10:00 बजे (IST)
भारत में लाइव टेलीकास्ट और फ्री लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला Sony Sports Network के विभिन्न टीवी चैनलों पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। वहीं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
अगर आप यह मुकाबला बिल्कुल मुफ्त देखना चाहते हैं तो DD Sports (DD Free Dish) पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है। दूरदर्शन स्पोर्ट्स ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
दोनों टीमों की सूची
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट (विकेटकीपर), जोश टोंग और ल्यूक वुड।
