टेस्ट क्रिकेट की ताजा रैंकिंग ने क्रिकेट फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। लंबे समय से शीर्ष बल्लेबाजों की सूची में अपना दबदबा बनाए हुए जो रूट को बड़ा झटका लगा है, जबकि एक अन्य इंग्लिश बल्लेबाज ने उनसे नंबर-1 की कुर्सी छीन ली है। दूसरी ओर, भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए यह रैंकिंग खुशखबरी लेकर आई है। अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार शतक का इनाम उन्हें रैंकिंग में मिला है और अब वह भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। आईसीसी की नई रैंकिंग में कई खिलाड़ियों की स्थिति बदली है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा जो रूट, हैरी ब्रूक और शुभमन गिल को लेकर हो रही है।
हैरी ब्रूक बने नए नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज
लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में जो रूट का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह पहली पारी में 1 रन और दूसरी पारी में 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा और 851 रेटिंग अंकों के साथ वह पहले स्थान से खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गए।
दूसरी ओर, हैरी ब्रूक ने इसी मुकाबले की पहली पारी में 56 रन बनाए थे। इसके बाद वह 869 रेटिंग अंकों के साथ टेस्ट क्रिकेट के नए नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड भी एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
कहां पहुंचे शुभमन गिल
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में 126 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने मुकाबला एक पारी और 300 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया था।
गिल को इस प्रदर्शन का फायदा आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में भी मिला है। उन्होंने दो पायदान की छलांग लगाई है और 743 रेटिंग अंकों के साथ अब आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही वह भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, पहले भारत के टॉप रैंक वाले बल्लेबाज रहे यशस्वी जायसवाल एक स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर आ गए हैं।
बुमराह-जडेजा नंबर-1 पर काबिज
ताजा रैंकिंग में भारत के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा अपनी-अपनी श्रेणियों में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 हैं, जबकि जडेजा टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में पहले स्थान पर कायम हैं। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेला गया एकमात्र टेस्ट मैच नहीं खेला था।
वहीं, जडेजा को गेंदबाजी रैंकिंग में थोड़ा नुकसान हुआ है। वह तीन स्थान नीचे खिसककर 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। दूसरी तरफ वाशिंगटन सुंदर ने शानदार प्रगति करते हुए टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग के टॉप-10 में जगह बना ली है। 244 रेटिंग अंकों के साथ वह दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग है।
