हमारी अच्छी सेहत के लिए हेल्दी खाना सबसे जरूरी माना जाता है. हम अक्सर इस बात पर ध्यान देते हैं कि क्या खाना चाहिए, लेकिन कई बार यह भूल जाते हैं कि खाना कब खाना चाहिए, यह भी उतना ही जरूरी है. कुछ फूड आइटम्स ऐसे होते हैं जो दिन के समय शरीर को कई फायदे पहुंचाते हैं, लेकिन रात में इन्हें खाने से पाचन, नींद और शरीर के आराम पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ हेल्दी फूड्स रात में गैस, अपच, ब्लोटिंग और नींद से जुड़ी समस्याओं की वजह बन सकते हैं. आइए जानते हैं कि कौन-सी चीजें दिन में फायदेमंद लेकिन रात में नुकसानदायक साबित हो सकती हैं.
रात में दही खाने से हो सकती है परेशानी

दही Source : Pexel
दही को सबसे हेल्दी फूड आइटम्स में गिना जाता है. इसमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. इसके अलावा दही हड्डियों को मजबूत बनाने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है. हालांकि रात के समय दही खाना नुकसानदायक हो सकता है. इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है, जिसकी वजह से बलगम बनने की समस्या हो सकती है. साथ ही कुछ लोगों को गैस और पेट में भारीपन की शिकायत भी हो सकती है.
रात में फल खाने से बढ़ सकती हैं दिक्कतें

फल Source : Pexel
फल हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं और लगभग हर व्यक्ति को इन्हें खाने की सलाह दी जाती है. लेकिन इन्हें दिन के समय खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है. रात में फल खाने से कुछ लोगों को कई तरह की समस्या हो सकती है. फलों में नेचुरल शुगर और कार्बोहाइड्रेट मौजूद होते हैं, जो ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकते हैं और नींद पर असर डाल सकते हैं. कुछ मामलों में रात में फल खाने से गैस और कब्ज की समस्या भी हो सकती है.
चिकन रात में पचने में ले सकता है ज्यादा समय

चिकन Source : Pexel
चिकन प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. हालांकि इसमें मौजूद प्रोटीन को पचाने में शरीर को ज्यादा समय और ऊर्जा की जरूरत होती है. यही वजह है कि रात में चिकन खाने पर पाचन प्रक्रिया लंबी हो सकती है, जिससे नींद प्रभावित हो सकती है. अगर रात में चिकन खाना हो तो इसे सीमित मात्रा में और संतुलित तरीके से खाने की सलाह दी जाती है.
ऑयली और फैटी फूड्स से रखें दूरी

फैटी फूडस Source : Pexel
रात में ज्यादा ऑयली और फैट वाले फूड आइटम्स खाने से पाचन तंत्र को उन्हें तोड़ने और पचाने के लिए देर तक काम करना पड़ता है. इस वजह से शरीर को पूरा आराम नहीं मिल पाता और नींद पर असर हो सकता है. यही कारण है कि विशेषज्ञ रात के समय फैटी फूड्स से दूरी बनाने की सलाह देते हैं.
ड्राई फ्रूट्स भी रात में बन सकते हैं परेशानी की वजह

ड्राई फ्रूटस Source : Pexel
ड्राई फ्रूट्स में कार्बोहाइड्रेट, नेचुरल शुगर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. सुबह के समय इनका सेवन शरीर को ऊर्जा और पोषण देने में मदद करता है. लेकिन देर शाम या रात में इन्हें खाने पर पेट के एंजाइम इन्हें आसानी से नहीं तोड़ पाते. इससे पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं और पेट भारी महसूस हो सकता है.
क्रूसिफेरस सब्जियां भी रात में न खाएं

क्रूसिफेरस सब्जियां Source : Pexel
क्रूसिफेरस सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं. हालांकि इनमें कार्बोहाइड्रेट और फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, जिन्हें पचने में ज्यादा समय लगता है. अगर इन्हें देर रात खाया जाए तो पेट फूलने, गैस बनने और पाचन संबंधी परेशानी होने की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए इन सब्जियों का सेवन दिन के समय करना ज्यादा बेहतर माना जाता है.
