केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) अध्यक्ष ममता बनर्जी को बड़ा झटका दिया है। ED ने धन के कथित गबन से जुड़े एक मामले में तलाशी अभियान के बाद धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत TMC की 440 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि के लेन-देन पर रोक लगा दिया है।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। अधिकारियों के अनुसार, धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17(1-ए) के तहत ये आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 440.42 करोड़ रुपये की यह राशि तृणमूल कांग्रेस के तीन निजी बैंक खातों में जमा है। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को कोलकाता में पांच ठिकानों पर छापेमारी की गई। इनमें केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज के परिसर भी शामिल थे। यह समूह केयरवेल एविएशन नाम से निजी विमान किराये पर उपलब्ध कराने वाली कंपनी का भी संचालन करता है।
