aपुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपनी शानदार फुटबॉल के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। रोनाल्डो ने 25 साल की उम्र में पहली बार पिता बनने का अनुभव किया था। उनके सबसे बड़े बेटे का नाम क्रिस्टियानो जूनियर है। हालांकि, रोनाल्डो ने कभी सार्वजनिक तौर पर अपने पहले बच्चे की मां की पहचान का खुलासा नहीं किया। रोनाल्डो साल 2016 में जॉर्जिना रोड्रिगेज से मिले थे। उस समय जॉर्जिना एक Gucci स्टोर में काम करती थीं। जॉर्जिना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि रोनाल्डो को पहली बार देखने के बाद ही उन्हें उनसे प्यार हो गया था। दोनों लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे और पिछले साल उन्होंने सगाई की थी। अब दोनों शादी भी कर चुके हैं।

क्रिस्टियानो जूनियर की मां कौन है?

क्रिस्टियानो जूनियर रोनाल्डो के सबसे बड़े बेटे हैं। उनका जन्म उस समय हुआ था, जब रोनाल्डो 25 साल के थे। जूनियर भी अपने पिता की तरह फुटबॉलर बनना चाहते हैं और उन्होंने जूनियर क्लब टीम के लिए खेलना शुरू कर दिया है। रोनाल्डो कई मौकों पर बता चुके हैं कि उनका बेटा भी उनकी तरह फिटनेस और डाइट को लेकर काफी अनुशासित है। हालांकि, रोनाल्डो ने कभी यह स्पष्ट नहीं किया कि क्रिस्टियानो जूनियर की जैविक मां कौन हैं। इसको लेकर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बच्चे की मां एक बार डांसर थीं। यह भी कहा गया कि रोनाल्डो ने बच्चे की परवरिश की जिम्मेदारी खुद संभालने के लिए उस महिला को आर्थिक सहायता और रहने के लिए घर दिया था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रोनाल्डो और बिपाशा बसु के अफेयर की उड़ी थी अफवाह

रोनाल्डो का नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु के साथ भी जुड़ चुका है। मामला साल 2007 का है, जब पुर्तगाल के लिस्बन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों एक पार्टी में साथ नजर आए थे। उस दौरान रोनाल्डो और बिपाशा की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें दोनों काफी करीब नजर आ रहे थे। तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों के बीच अफेयर और रोमांस की खबरें तेजी से फैल गई थीं। हालांकि, इसके बाद दोनों को साथ में ज्यादा नहीं देखा गया और न ही दोनों की ओर से किसी रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि हुई। ऐसे में यह मामला महज अफवाह ही माना गया।

रोनाल्डो के नवजात बेटे का हो गया था निधन

रोनाल्डो और जॉर्जिना की जिंदगी में साल 2022 में बेहद दुखद घटना हुई थी। दोनों जुड़वा बच्चों के माता-पिता बनने वाले थे, लेकिन डिलीवरी के दौरान उनके बेटे का निधन हो गया। उनकी बेटी सुरक्षित पैदा हुई थी। रोनाल्डो ने खुद इस दुखद खबर की जानकारी दी थी। यह उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल दौर था। इसके बावजूद रोनाल्डो और जॉर्जिना ने अपनी बेटी और परिवार के साथ आगे बढ़ने की कोशिश की।