Source: Pinterest

Source: Pinterest

बिहार की राजधानी पटना समेत कई जिलों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने बुधवार, 15 जुलाई की सुबह आठ जिलों के 57 प्रखंडों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को बारिश के साथ तेज गरज और वज्रपात को लेकर सावधान रहने की सलाह दी है।

पटना के 23 प्रखंडों में से 17 प्रखंड अलर्ट के दायरे में हैं। इनमें शहर के साथ नौबतपुर, धनरुआ, पालीगंज, फतुहा, फुलवारी शरीफ, दानापुर, बख्तियारपुर, बिहटा, विक्रम, मनेर, मसौढ़ी, संपतचक, खुसरूपुर और दनियावां जैसे इलाके शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह से 2 पहर के बीच इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बिजली चमकने और बादलों की गरज सुनाई देने की भी संभावना है। बारिश के असर से पटना के तापमान में कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और पूरे दिन मौसम खुशनुमा बना रह सकता है।

पटना समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

पटना के अलावा अरवल, गया, जहानाबाद, नालंदा, भोजपुर, वैशाली और सारण के कई प्रखंडों के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में सुबह 7 बजे से 2 पहर के बीच बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अररिया और किशनगंज में भारी बारिश और बिजली गिरने को लेकर खास चेतावनी दी है। इसके साथ ही कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को बिहार के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के मुताबिक, मानसून ट्रफ फिलहाल जम्मू, देहरादून, वाराणसी, पटना, बांकुरा और कैनिंग से होकर गुजर रही है और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। इसके अलावा, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। अगले 24 घंटों में बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी बांग्लादेश के तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यदि ऐसा होता है, तो बिहार में मॉनसून की सक्रियता और बढ़ सकती है और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।