तौलिया पहने हुए ASI
Source : ABP NEWS
पटना: बिहार के पटना जिले के अथमलगोला थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) अंजनी कुमार सिंह को ड्यूटी के दौरान तौलिया लपेटकर फरियादियों की शिकायत सुनना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और जांच कराई। प्रारंभिक जांच में वीडियो सही पाए जाने पर ग्रामीण एसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सही मिला वायरल वीडियो
वायरल वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया वीडियो सही पाया गया। इसके बाद उन्होंने इसे सेवा नियमों और पुलिस अनुशासन का गंभीर उल्लंघन मानते हुए ASI अंजनी कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण SP ने बताई कार्रवाई की वजह
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने कहा कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी से अनुशासित, मर्यादित और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। इस तरह का आचरण न केवल विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आम लोगों के बीच भी गलत संदेश देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा आचरण और अनुशासन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वायरल वीडियो में क्या दिखा था?
मंगलवार को रिकॉर्ड किए गए वायरल वीडियो में ASI अंजनी कुमार सिंह तौलिया लपेटे हुए ही ओडी डेस्क पर बैठे फरियादियों की शिकायत सुनते दिखाई दिए। इसी दौरान किसी ने मोबाइल फोन से उनका वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार पर सवाल उठाए और इसे पुलिस सेवा की गरिमा के खिलाफ बताया। कई लोगों ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच कराई, जिसमें अनुशासनहीनता, संदिग्ध आचरण और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच के आधार पर बुधवार (15 जुलाई) को ASI अंजनी कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया।
