
बिहार में लगातार बारिश से बाढ़ गया है
बिहार में लगातार हो रही बारिश के कारण दरभंगा के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश और कोसी बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से कुशेश्वरस्थान पूर्वी और घनश्यामपुर प्रखंड की हालात बिगड़ने लगी है। कोसी और कमला बलान नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने 24 से ज्यादा गांवों के लोगों को ऊँची जगहों पर जाने की सलाह दी है।
बाढ़ का पानी अब निचले इलाकों में फैलने लगा है। इटहर, उसरी, उजुआ सिमरटोका और तिलकेश्वर पंचायत के कई गांव में पानी भर गए हैं। कई जगहों पर सड़कें डूब गई हैं, जिससे लोगों का एक गांव से दूसरे गांव जाना मुश्किल हो गया है।लगातार बढ़ते पानी का असर बच्चों की पढ़ाई और किसानों की खेती पर भी पड़ रहा है। लक्ष्मीनिया और इटहर पोखर के प्राथमिक स्कूलों में पानी भर गया है। वहीं, खेतों में लगी फसलें डूबने लगी हैं, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
24 से ज्यादा गांवों को खाली करने का निर्देश
दरभंगा में बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। प्रशासन ने 24 से ज्यादा गांवों के लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए 186 नावों की इंतज़ाम किया गया है। इसके अलावा, लोगों के रहने के लिए 512 राहत शिविर और खाने-पीने की सुविधा के लिए 611 सामुदायिक रसोई तैयार रखी गई हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत सामग्री और बचाव दल भेजे जाएंगे।
नेपाल के तराई इलाकों में भारी बारिश और कोसी बैराज से छोड़े गए पानी के कारण कोसी और कमला बलान नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति बिगड़ने पर तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के 24 जिलों में बारिश होने की संभावना है। पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, अरवल, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश की वजह से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
