पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक नए विवाद में घिर गई है। पार्टी के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के बायोडाटा में कथित गड़बड़ी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सवाल उठाए हैं। विवाद उम्मीदवार की उम्र और BJP की सदस्यता लेने के साल को लेकर खड़ा हुआ है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब बांकीपुर उपचुनाव पहले से ही उम्मीदवार बदलने और हाई-प्रोफाइल मुकाबले की वजह से चर्चा में है. 


RJDने क्यों उठाए सवाल?

RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि BJP द्वारा जारी बायोडाटा में नीरज कुमार सिन्हा की जन्मतिथि 1 जुलाई 1994 दर्ज है। वहीं, उसी बायोडाटा में यह भी लिखा गया कि उन्होंने 2006 में BJP की प्राथमिक सदस्यता लेकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।

RJD का कहना है कि अगर जन्म वर्ष 1994 सही है, तो 2006 में नीरज सिन्हा की उम्र सिर्फ 12 साल होती। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या BJP ने 12 साल के बच्चे को पार्टी का सदस्य बनाया था या फिर उम्मीदवार का बायोडाटा ही गलत जारी किया गया।


BJP ने बदला बायोडाटा

विवाद बढ़ने के बाद खबर है कि BJP ने जल्द ही उम्मीदवार का संशोधित बायोडाटा जारी कर दिया। नए बायोडाटा में उस हिस्से को हटा दिया गया, जिसमें वर्ष 2006 में पार्टी की सदस्यता लेने का जिक्र था। हालांकि, इस पूरे मामले पर BJP की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।  


उम्मीदवार बदलने पर भी उठे थे सवाल

बांकीपुर उपचुनाव में यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले BJP ने घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' का टिकट वापस लेकर उनकी जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। अभिषेक बंटी ने नामांकन दाखिल करने के बाद अपना नाम वापस लेते हुए व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों का हवाला दिया था। हालांकि, विपक्ष इस फैसले को लेकर लगातार BJP पर सवाल उठा रहा है। 


प्रशांत किशोर के उतरने से मुकाबला हुआ हाई-प्रोफाइल

इस उपचुनाव की सबसे बड़ी बात यह है कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। पार्टी ने उन्हें बांकीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया है, जिससे यह मुकाबला पूरे बिहार की सबसे चर्चित सीटों में शामिल हो गया है। प्रशांत किशोर ने भी इस चुनाव को बिहार की राजनीति के लिए अहम बताया है। 


बांकीपुर में दिलचस्प हुआ मुकाबला

बांकीपुर सीट पर इस बार मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है। BJP की ओर से नीरज कुमार सिन्हा, महागठबंधन की ओर से RJD उम्मीदवार डॉ. रेखा कुमारी और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर मैदान में हैं। वहीं, तेज प्रताप यादव की जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी भी चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में अब सभी की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर टिकी है, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाते है