Source: Pinterest

Source: Pinterest

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना इस साल दिसंबर के आसपास अपने देश लौट सकती हैं। खबरों के मुताबिक, वह बांग्लादेश जाकर अधिकारियों के सामने सरेंडर करने की तैयारी कर रही हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शेख हसीना के साथ उनकी पार्टी अवामी लीग के कई बड़े नेता भी वापस लौट सकते हैं। इससे पहले शेख हसीना ने एक खास बातचीत में कहा था कि वह इस साल बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। हालांकि, उनकी वापसी और सरेंडर को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

छात्र आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा के बाद शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद उन्हें बांग्लादेश में मौत की सजा सुनाई गई और उनकी पार्टी अवामी लीग पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश की सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहीं शेख हसीना ने कहा है कि वह और उनकी पार्टी के नेता अपनी मर्जी से अपने देश लौटना चाहते हैं, जिसे उन्होंने करीब दो साल पहले छोड़ दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि वे अदालत के सामने पेश होने के लिए तैयार हैं।

शेख हसीना ने टेलीफोन इंटरव्यू में कहा के बांग्लादेश लौटने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है, और उनकी जा को भी खतरा हो सकता है। उसके बावजूद उन्होंने कहा कि अपने देश लौटना ही पड़ेगा। मेरी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बहुत ज्यादा दमन का सामना करना पड़ रहा है। अगर मौत आनी ही है, तो मैं चाहती हूं कि वह मेरी अपनी जमीन पर आए, जहां मेरे माता-पिता दफन हैं और जहां उनका खून बहा था।

दो साल से भारत में रह रही हैं शेख हसीना

बांग्लादेश की राजनीति में लंबे समय तक अहम किरदार निभाने वाली शेख हसीना पिछले करीब दो साल से अपने देश से दूर हैं। साल 2024 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और बढ़ते तनाव के बीच उन्हें बांग्लादेश छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उनकी सरकार गिर गई और बाद में उन्हें मौत की सजा भी सुनाई गई।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश की युद्ध-अपराध अदालत ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में शेख हसीना को गैर-मौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। अदालत का आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। हालांकि, भारत में रह रही शेख हसीना इन सभी आरोपों को लगातार खारिज करती रही हैं।

पूर्व गृह मंत्री भी लौट सकते हैं बांग्लादेश

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना ने कहा है कि उनकी सरकार में गृह मंत्री रहे असदुज्जमान खान कमाल भी उनके साथ बांग्लादेश लौट सकते हैं। कमाल के खिलाफ भी कई मामले चल रहे हैं और उन्हें भी कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है। इधर, बांग्लादेश सरकार कई बार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर चुकी है। वहीं, कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में शेख हसीना ने साफ कहा था कि वह हर हाल में अपने देश लौटेंगी।

उन्होंने कहा था कि उन्हें मौत से डर नहीं लगता, क्योंकि वह पहले ही अपने परिवार के कई सदस्यों को खो चुकी हैं। हसीना ने यह भी कहा कि उन पर कई बार हमले हुए और अनेक साजिशें रची गईं, लेकिन उन्होंने हमेशा देश और जनता के लिए काम किया। उन्होंने भरोसा जताया कि तमाम मुश्किलों के बावजूद वह इसी साल बांग्लादेश लौटेंगी।