आगामी एशिया लीजेंड्स लीग के लिए शाकिब अल हसन को बांग्लादेश टाइगर्स का कप्तान बनाया गया है। दिग्गज ऑलराउंडर एक बार फिर मैदान पर अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे।
Asian Legends League: 14730 रन और 712 इंटरनेशनल विकेट वाला बांग्लादेशी बब्बर शेर फिर मैदान में दहाड़ने को तैयारSource : NDTV.com
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन एक बार फिर मैदान में दहाड़ लगाने के लिए तैयार हैं। हालांकि, खास बात यह है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं बल्कि एशिया लीजेंड्स लीग (Asian Legends League) में खेलते नजर आएंगे। आगामी टूर्नामेंट के लिए उन्हें बांग्लादेश टाइगर्स का कप्तान नियुक्त किया गया है। यहां वह बल्ले और गेंद के साथ-साथ अपनी कप्तानी से भी टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
2024 में छोड़ दिया था देश
आपको जानकर ताज्जुब होगा कि बांग्लादेश में साल 2024 में आई राजनीतिक अस्थिरता के दौरान शाकिब अल हसन देश छोड़कर चले गए थे। उस समय वह कनाडा और अमेरिका जैसे देशों में लीग क्रिकेट खेल रहे थे। हालांकि अब तक वह बांग्लादेश नहीं लौटे हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा कारणों से उन्हें अपने देश में खतरा महसूस होता है। यही वजह है कि वह फिलहाल बांग्लादेश से दूर हैं।
देश में खेलना चाहते हैं आखिरी मैच
शाकिब अल हसन ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। हालांकि उनकी इच्छा है कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला अपनी सरजमीं यानी बांग्लादेश में खेलें। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश को अपने दम पर कई मैच जिताने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी का यह सपना पूरा हो पाता है या नहीं।
शाकिब का शानदार इंटरनेशनल रिकॉर्ड
खबर लिखे जाने तक शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश के लिए 71 टेस्ट, 247 वनडे और 129 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट की 130 पारियों में 37.77 की औसत से 4609 रन, वनडे की 234 पारियों में 37.29 की औसत से 7570 रन और टी20 की 127 पारियों में 23.19 की औसत से 2551 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने टेस्ट की 121 पारियों में 246, वनडे की 241 पारियों में 317 और टी20 की 126 पारियों में 149 विकेट अपने नाम किए हैं। कुल मिलाकर शाकिब के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 14730 रन और 712 विकेट दर्ज हैं।
