अमेरिका में आयशा वहाब का बड़ा कमाल! | Source: Abp Newsअमेरिका में आयशा वहाब का बड़ा कमाल! Source : Abp News

वॉशिंगटन: अफगान मूल की अमेरिकी नेता आयशा वहाब ने कैलिफोर्निया के 14वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का विशेष चुनाव जीतकर अमेरिकी राजनीति में इतिहास रच दिया है। 39 वर्षीय आयशा वहाब अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुनी जाने वाली पहली अफगान-अमेरिकी बन गई हैं। यह विशेष चुनाव डेमोक्रेट एरिक स्वालवेल की खाली हुई सीट को भरने के लिए कराया गया था। चुनाव में वहाब ने डेमोक्रेट उम्मीदवार मेलिसा हर्नांडेज को हराया। अंतिम नतीजों के मुताबिक आयशा वहाब को 53.09 प्रतिशत वोट मिले, जबकि मेलिसा हर्नांडेज के खाते में 46.91 प्रतिशत वोट आए। जीत के बाद वहाब ने इसे अमेरिकी सपने की मिसाल बताया और कहा कि बचपन से लेकर कांग्रेस तक का उनका सफर इस बात को दिखाता है कि अमेरिका में आगे बढ़ने के अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उनके जिले ने पहली बार किसी अफगान-अमेरिकी को कांग्रेस के लिए चुनकर इतिहास रचा है।

अफगानिस्तान से अमेरिका तक बेहद संघर्षपूर्ण रहा सफर

आयशा वहाब का परिवार सोवियत संघ के अफगानिस्तान पर हमले के दौरान देश छोड़कर अमेरिका पहुंचा था। उनके माता-पिता न्यूयॉर्क में जाकर बस गए, जहां 1987 में आयशा का जन्म हुआ। हालांकि, उनका बचपन बेहद मुश्किल परिस्थितियों में बीता। बचपन में ही उनके पिता की हत्या हो गई और कुछ समय बाद उनकी मां का भी निधन हो गया। इसके बाद आयशा और उनकी बड़ी बहन को कुछ समय तक फोस्टर केयर सिस्टम में रहना पड़ा। करीब 9 साल की उम्र में फ्रेमोंट के एक अफगान-अमेरिकी परिवार ने उन्हें गोद लिया। कठिन परिस्थितियों से निकलकर अमेरिकी राजनीति के सबसे महत्वपूर्ण संस्थानों में से एक कांग्रेस तक पहुंचने का उनका सफर अब लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बन गया है।

राजनीति में भी कायम किया कई बार इतिहास

आयशा वहाब ने राजनीति में कदम रखने के बाद भी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। साल 2018 में उन्होंने हेवर्ड सिटी काउंसिल का चुनाव जीतकर अमेरिका में सार्वजनिक पद संभालने वाली पहली अफगान-अमेरिकी महिला होने का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद 2022 में वह कैलिफोर्निया स्टेट सीनेट के लिए चुनी गईं और राज्य की पहली मुस्लिम महिला सीनेटर बनीं। राज्य सीनेटर के तौर पर वहाब ने कैलिफोर्निया में जाति के आधार पर भेदभाव पर रोक लगाने वाला एक विधेयक भी पेश किया था। इस विधेयक का भारतीय-अमेरिकी समुदाय के एक हिस्से ने कड़ा विरोध किया था। प्रस्ताव कैलिफोर्निया की विधानसभा और सीनेट से पारित हो गया था, लेकिन तत्कालीन गवर्नर गेविन न्यूसम ने इसे वीटो कर दिया था। अब कांग्रेस का चुनाव जीतकर आयशा वहाब ने अपने राजनीतिक सफर में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ दिया है।