विकसित भारत, नया भारत, 2047 का सपना, इन नारों के बीच अगर कोई आम नागरिक सबसे ज्यादा जमीनी हकीकत महसूस करता है, तो वह भारतीय रेलवे के सफर में दिखती है। हाईस्पीड ट्रेनें, वर्ल्ड क्लास स्टेशन और नई परियोजनाएं लगातार सुर्खियों में हैं। लेकिन दूसरी तरफ भारतीय रेलवे में सफर करने वाला आम यात्री आज भी टिकट, भीड़, लेटलतीफी और बदहाल सुविधाओं से जूझ रहा है। दुनिया की चौथी सबसे बड़ी रेल व्यवस्था और भारत की जीवनरेखा कही जाने वाली भारतीय रेलवे आज भी करोड़ों लोगों के लिए मजबूरी है, लेकिन सुविधाओं और व्यवस्था के स्तर पर तस्वीर अक्सर निराशाजनक नजर आती है। सवाल अब भी वही है, क्या भारतीय रेलवे सच में आम लोगों के लिए बेहतर हुई है, या सिर्फ चमकती तस्वीरों तक सीमित रह गई है?

143 करोड़ की आबादी और सीमित रेल क्षमता

भारत की आबादी आज 143 करोड़ से अधिक हो चुकी है। भारतीय रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, देशभर में रोजाना लगभग 2.3 से 2.5 करोड़ यात्री ट्रेन से सफर करते हैं। रेलवे नेटवर्क करीब 68 हजार किलोमीटर लंबा है और प्रतिदिन लगभग 13 हजार यात्री ट्रेनें चलाई जाती हैं। लेकिन इतनी विशाल आबादी वाले देश के लिए यह क्षमता अब भी बेहद कम मानी जाती है। रेलवे के पास कुल कोच और सीटों की संख्या मांग के मुकाबले काफी कम है, जिसका नतीजा हर त्योहार, छुट्टी और भर्ती परीक्षा के मौसम में दिखाई देता है।

बजट में घोषणाएं, जमीन पर पुराने सवाल

रेलवे हर साल लगभग 8 अरब यात्रियों को ढोने का दावा करता है। बजट भाषणों में नई ट्रेनों, हाई-स्पीड कॉरिडोर और आधुनिक स्टेशनों की घोषणाएं होती हैं, लेकिन जमीनी सवाल अब भी वही हैं, टिकट मिलेगा या नहीं? ट्रेन समय पर चलेगी या नहीं? सफर इंसानों जैसा होगा या किसी भीड़भाड़ वाले अस्थायी शिविर जैसा?

टिकट व्यवस्था और दलालों के नेटवर्क पर सवाल

भारतीय रेलवे में सबसे बड़ी समस्या टिकट व्यवस्था को लेकर दिखाई देती है। जनरल कोच की हालत किसी से छिपी नहीं है। एक सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन में जहां स्लीपर कोच की क्षमता लगभग 72 सीट और जनरल कोच की क्षमता करीब 90 यात्रियों की होती है, वहीं वास्तविकता में कई बार एक जनरल कोच में 250 से 300 लोग तक सफर करते दिखाई देते हैं। त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में लोग घंटों लाइन में लगते हैं, वेबसाइट क्रैश होती है, और तत्काल टिकट शुरू होने के कुछ मिनटों के भीतर वेटिंग में पहुंच जाता है।

IRCTC के अनुसार, हर मिनट लाखों लोग टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हैं। आम यात्रियों के बीच लंबे समय से यह धारणा बनी हुई है कि टिकट दलालों और सॉफ्टवेयर बॉट्स का नेटवर्क अब भी सिस्टम पर भारी पड़ता है। रेलवे और IRCTC समय-समय पर कार्रवाई के दावे करते हैं, लेकिन यात्रियों की परेशानी कम होती नजर नहीं आती।

सुपरफास्ट ट्रेनें, लेकिन समय पालन पर सवाल

समस्या सिर्फ टिकट तक सीमित नहीं है। भारतीय रेलवे की स्पेशल, सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों का हाल भी अक्सर सवालों के घेरे में रहता है। कई ट्रेनों का 8-10 घंटे, कहीं 15-20 घंटे तक लेट होना अब असामान्य खबर नहीं रह गया। रेलवे के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भी पिछले कुछ वर्षों में समय पालन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। विडंबना यह है कि जिस ट्रेन के नाम के आगे जितना फास्ट टैग जुड़ा होता है, यात्रियों का अनुभव कई बार उतना ही धीमा और अव्यवस्थित नजर आता है।

कोचों की बदहाल स्थिति और बुनियादी सुविधाओं का संकट

कोचों की स्थिति भी लगातार आलोचना झेलती रही है। टॉयलेट में पानी खत्म होना, सफाई की कमी, एसी कोचों में खराब कूलिंग, ओवरक्राउडिंग और सुरक्षा संबंधी शिकायतें आम हैं। रेलवे में तकनीकी आधुनिकीकरण की बात जरूर होती है, लेकिन आम यात्री के लिए यात्रा का अनुभव अभी भी बुनियादी सुविधाओं के संघर्ष से जुड़ा हुआ है।

स्लीपर और थर्ड एसी में बढ़ती भीड़

सबसे बड़ा बदलाव स्लीपर और थर्ड एसी श्रेणी में देखने को मिला है। कभी मध्यम वर्ग और गरीब यात्रियों के लिए राहत माने जाने वाले स्लीपर कोच आज कई रूटों पर जनरल की तरह इस्तेमाल हो रहे हैं। वहीं थर्ड एसी, जो पहले अपेक्षाकृत आरामदायक माना जाता था, अब बढ़ती भीड़ और सीटों की कमी के कारण महंगा स्लीपर बनता जा रहा है।

बढ़ता किराया और यात्रियों की नाराजगी

किराए का सवाल भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। पिछले 10 वर्षों में कई रूटों पर किराए, रिजर्वेशन चार्ज और डायनेमिक फेयर में लगातार बढ़ोतरी हुई है। स्पेशल ट्रेन के नाम पर स्पेशल किराया लिया जाता है, लेकिन सुविधाओं में कोई खास अंतर दिखाई नहीं देता। यात्रियों को कई बार ऐसा महसूस होता है कि वे तेज रफ्तार आधुनिक परिवहन के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ किसी तरह एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने के लिए पैसे दे रहे हैं।

वंदे भारत बनाम आम यात्रियों की जरूरतें

दूसरी तरफ रेलवे वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों को नए भारत की पहचान के रूप में पेश कर रहा है। वर्तमान में देश में 50 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि ये ट्रेनें तकनीकी रूप से आधुनिक हैं और भारत की रेल व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम भी हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या ये ट्रेनें उस विशाल आबादी की जरूरत पूरी कर पा रही हैं जो आज भी स्लीपर और जनरल टिकट के लिए संघर्ष कर रही है? वंदे भारत जैसी ट्रेनों का किराया कई रूटों पर सामान्य ट्रेनों से 4-5 गुना तक ज्यादा है, जो निम्न और मध्यम वर्ग के बड़े हिस्से की पहुंच से बाहर है।

क्षमता और मांग के बीच बढ़ती खाई

असल समस्या की जड़ रेलवे की क्षमता और मांग के बीच का भारी अंतर है। 143 करोड़ की आबादी वाले देश में प्रतिदिन केवल करीब 2.5 करोड़ लोग ही रेलवे से सफर कर पाते हैं। यानी आबादी के मुकाबले उपलब्ध सीटें और ट्रेनें अब भी ऊंट के मुंह में जीरा जैसी स्थिति पैदा करती हैं। यही वजह है कि टिकट वेटिंग, भीड़, देरी और अव्यवस्था भारतीय रेलवे की स्थायी पहचान बनती जा रही है।

विकसित भारत की असली तस्वीर क्या होगी?

सरकार हाई-प्रोफाइल ट्रेनों और स्टेशन रिडेवलपमेंट पर ध्यान दे रही है, लेकिन आम यात्री की प्राथमिक जरूरत अब भी बुनियादी है, समय पर ट्रेन, कन्फर्म सीट, साफ कोच और सम्मानजनक सफर। विकसित भारत की असली तस्वीर शायद तब बनेगी जब रेलवे में सफर करना सुविधा का अनुभव बने, संघर्ष का नहीं।