डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। हरियाणा सरकार ने उसे 30 दिन की पैरोल मंजूर की है। इसके बाद मंगलवार सुबह वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला। जानकारी के मुताबिक, गुरमीत राम रहीम सुबह करीब 6 बजकर 34 मिनट पर जेल से बाहर आया। इस दौरान जेल परिसर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को नहीं मिली।

यह 16वीं बार है जब गुरमीत राम रहीम पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आया है। इससे पहले भी वह 15 बार जेल से बाहर आ चुका है। इसी साल जनवरी महीने में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी, जिसके बाद वह 15 फरवरी को वापस सुनारिया जेल लौटा था। अब तक वह 430 दिनों से ज्यादा समय जेल से बाहर बिता चुका है।

2017 से जेल में बंद है राम रहीम

गौरतलब है कि साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड के मामलों में सजा काट रहा गुरमीत राम रहीम अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। उसे बार-बार पैरोल मिलने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। विपक्षी दलों और कई सामाजिक संगठनों ने पहले भी इस पर आपत्ति जताई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पैरोल नियमों के तहत दी जाती है।

जनवरी और सितंबर 2025 में भी मिली थी पैरोल

इसी साल जनवरी में भी गुरमीत राम रहीम जेल से बाहर आया था। जानकारी के अनुसार, इससे पहले 15 सितंबर 2025 को भी उसे 40 दिनों की पैरोल दी गई थी। इस बार की पैरोल के साथ वह 16वीं बार जेल से बाहर आया है।

कई मामलों में काट रहा सजा

सीबीआई की विशेष अदालत ने गुरमीत राम रहीम को दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 10-10 साल यानी कुल 20 साल की सजा सुनाई थी। इसके अलावा वह पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या और डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या के मामलों में भी सजा काट रहा है

बागपत आश्रम में रहता है राम रहीम

ज्यादातर बार पैरोल या फरलो के दौरान गुरमीत राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में स्थित डेरा सच्चा सौदा के आश्रम में रहा है। सिरसा मुख्यालय वाले डेरा सच्चा सौदा संगठन के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई उत्तरी राज्यों में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं।