मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। 12 मई की सुबह ट्विशा को उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया, लेकिन परिवार इस नतीजे पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि ट्विशा की मौत सामान्य नहीं थी और जब तक असली सच सामने नहीं आता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।


परिवार के मुताबिक, घटनास्थल की परिस्थितियाँ साफ नहीं थीं। कमरे की स्थिति, शरीर पर दिखाई दिए निशान, CCTV फुटेज का टाइमलाइन, और पोस्ट-मार्टम की रिपोर्ट इन सबमें ऐसे सवाल हैं जिनका अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। परिवार का दावा है कि कई अहम पहलू या तो जांच में छूट गए हैं या ठीक से दर्ज ही नहीं हुए। यही अविश्वास उन्हें इस निर्णायक कदम तक ले आया कि बेटी का अंतिम संस्कार जांच पूरी होने से पहले नहीं किया जा सकता।


इस समय ट्विशा का पार्थिव शरीर AIIMS भोपाल की मोर्चरी में रखा हुआ है। लेकिन यहां एक और समस्या है शरीर को 4°C पर रखा गया है, जबकि विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए 80°C की आवश्यकता होती है। भोपाल में 80°C की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण शरीर के खराब होने का खतरा बढ़ रहा है। पुलिस और अस्पताल ने परिवार को यह लिखित रूप से बताया भी है, लेकिन परिवार का कहना है कि सत्य सामने आने तक हम शरीर नहीं लेंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे।


परिवार की मांगें साफ हैं वे दोबारा पोस्ट-मार्टम चाहते हैं, निष्पक्ष क्राइम सीन जांच चाहते हैं और सबसे महत्वपूर्ण, एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा पूरी सच्चाई सामने लाई जाए। परिवार का यह भी आरोप है कि शुरुआती जांच में कई पहलू जल्दबाज़ी में निपटा दिए गए। इसी बीच सरकार ने केंद्र को CBI जांच का प्रस्ताव भेज दिया है, और मामला अब राज्य से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर छा गया है।


ट्विशा के पिता का दर्द साफ झलकता है। उनका कहना है, मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। जब तक सही जांच नहीं होगी, हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।ट्विशा के भाई का कहना है कि सबूतों में विरोधाभास हैं और कई सवाल ऐसे हैं जिनकी जांच अभी बाकी है। घर में सबकी एक ही आवाज़ है पहले सच, फिर संस्कार।ट्विशा शर्मा की मौत अब सिर्फ एक केस नहीं, बल्कि न्याय और सिस्टम पर विश्वास की एक बड़ी परीक्षा बन गई है। दस दिनों से परिवार अपनी बेटी का शरीर मोर्चरी में रखकर इंतज़ार कर रहा है बस इसलिए कि एक दिन उन्हें यह पता चल सके कि आखिर ट्विशा के साथ क्या हुआ था?