उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी कोई नई बात नहीं है, लेकिन जैसे-जैसे 2027 विधानसभा चुनाव करीब आते जा रहे हैं, नेताओं के बीच जुबानी हमले और भी तीखे होते जा रहे हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच हर मुद्दे पर टकराव देखने को मिल रहा है, चाहे वह कानून-व्यवस्था का सवाल हो, सामाजिक न्याय की राजनीति हो या फिर सरकार के कामकाज को लेकर आरोप-प्रत्यारोप। ऐसे माहौल में नेताओं के बयान अक्सर राजनीतिक बहस से आगे बढ़कर व्यक्तिगत कटाक्ष का रूप ले लेते हैं, जो सुर्खियों में छा जाते हैं।इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए उन्हें ट्विटर, AC और PC वाले कव्वाल भइया कह दिया। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों नेताओं के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार शब्दों की जंग चल रही है और एक-दूसरे पर राजनीतिक हमले तेज हो गए हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि आगामी चुनावों से पहले अपने-अपने समर्थक वर्गों को संदेश देने की कोशिश भी है। एक तरफ राजभर खुद को ज़मीनी राजनीति करने वाला नेता बताने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी ओर समाजवादी पार्टी भाजपा गठबंधन पर जनता के मुद्दों से भटकाने का आरोप लगा रही है। ऐसे में राजभर का यह तंज सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बन गया है। अब सवाल यह है कि क्या यह केवल एक चुनावी बयानबाज़ी है या फिर यूपी की राजनीति में शुरू होने वाली बड़ी सियासी लड़ाई का संकेत?
क्या बोले ओम प्रकाश राजभर?
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता सिर्फ़ एयर कंडीशन कमरे में बैठकर ट्विटर और कंप्यूटर के जरिए राजनीति करते हैं, जबकि उन्हें जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए ट्विटर, AC और PC वाले कव्वाल भइया कहा।
पहले से जारी है आरोप-प्रत्यारोप
यह पहली बार नहीं है जब राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला हो। पिछले कुछ दिनों से दोनों नेताओं के बीच लगातार जुबानी जंग चल रही है। कानून-व्यवस्था, एनकाउंटर और जातीय राजनीति जैसे मुद्दों पर राजभर लगातार समाजवादी पार्टी को घेरते रहे हैं। उन्होंने हाल ही में आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी अपराधियों को संरक्षण देने और जातिगत राजनीति करने की पुरानी संस्कृति पर चलती है।
सियासी मायने क्या हैं?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा गठबंधन और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी टकराव लगातार तेज होता जाएगा। ओम प्रकाश राजभर का यह बयान भी उसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें विपक्षी नेतृत्व को घेरकर पिछड़े वर्गों और क्षेत्रीय वोटरों के बीच संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
क्यों बढ़ी चर्चा?
राजभर का ट्विटर, AC और PC वाले कव्वाल भइया वाला बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक और विरोधी दोनों इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ऐसे में यह बयान सिर्फ़ एक राजनीतिक तंज नहीं, बल्कि यूपी की आने वाली चुनावी लड़ाई का संकेत भी माना जा रहा है।
