गर्मियों की छुट्टियों में लोग बड़ी संख्या में पहाड़ों की ओर रुख करते हैं, लेकिन हिल ट्रिप का मजा तभी है जब सही तैयारी हो। लंबी ड्राइव और बदलते मौसम के बीच छोटी सी लापरवाही भी परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे में सफर से पहले कार में जरूरी सामान रखना बेहद अहम हो जाता है।

1.पानी और हल्का खाना जरूर रखें

पहाड़ी रास्तों पर कई बार घंटों तक कोई दुकान या ढाबा नहीं मिलता। ऊपर से घुमावदार रास्तों पर ड्राइविंग शरीर को जल्दी थका देती है। इसलिए कार में पर्याप्त पानी की बोतलें जरूर रखें। साथ ही बिस्किट, ड्राई फ्रूट्स, चिप्स या नमकीन जैसी हल्की खाने की चीजें भी रख लें। अगर बच्चे या बुजुर्ग साथ हों तो ये तैयारी और ज्यादा जरूरी हो जाती है। इससे भूख और थकान दोनों कंट्रोल में रहते हैं और सफर आराम से कटता है।

2.मौसम कब बदल जाए, कहना मुश्किल

पहाड़ों का मौसम मिनटों में बदल जाता है। तेज धूप के बाद अचानक बारिश या ठंडी हवा शुरू हो सकती है। ऐसे में कार में हल्के गर्म कपड़े, जैकेट और रेनकोट जरूर रखें। कई लोग मैदानी इलाकों की गर्मी देखकर निकल जाते हैं और पहाड़ों पर पहुंचकर ठंड में परेशान हो जाते हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए अतिरिक्त कपड़े साथ रखना समझदारी है।

3.फर्स्ट एड बॉक्स बन सकता है बड़ी राहत

लंबे सफर में कभी भी किसी को चक्कर, उल्टी या हल्की चोट लग सकती है। इसलिए कार में छोटा सा फर्स्ट एड बॉक्स जरूर होना चाहिए। इसमें बैंडेज, कॉटन, दर्द की दवा, उल्टी रोकने की दवा और जरूरी मेडिकल सामान रखें। अगर परिवार में किसी को रोज दवा लेने की जरूरत होती है तो उसे भूलने की गलती बिल्कुल न करें। छोटी सी तैयारी कई बार बड़ी परेशानी से बचा लेती है।

4.मोबाइल बैटरी खत्म हुई तो बढ़ सकती है दिक्कत

आज के समय में मोबाइल सिर्फ कॉल करने के लिए नहीं बल्कि रास्ता देखने, होटल ढूंढने और इमरजेंसी में मदद लेने के लिए भी जरूरी हो गया है। पहाड़ों में कई जगह नेटवर्क कमजोर रहता है और फोन की बैटरी जल्दी खत्म होती है। इसलिए कार में मोबाइल चार्जर और पावर बैंक जरूर रखें। कोशिश करें कि सफर शुरू करने से पहले सभी फोन फुल चार्ज हों।

5.टॉर्च और जरूरी टूल्स हमेशा रखें साथ

पहाड़ी इलाकों में कई बार रात हो जाती है या रास्ते में अंधेरा मिल जाता है। ऐसे में टॉर्च काफी काम आती है। इसके अलावा कार में टायर बदलने वाला सामान, एयर पंप और जम्पर केबल जैसी जरूरी चीजें भी रखें। पहाड़ों में हर जगह तुरंत मदद मिलना आसान नहीं होता। अगर रास्ते में टायर पंचर हो जाए या छोटी तकनीकी दिक्कत आ जाए तो यही सामान आपकी सबसे बड़ी मदद बन सकता है।

निकलने से पहले मौसम और कार की जांच जरूरी

सफर शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर चेक करें। कई बार भारी बारिश या भूस्खलन की वजह से रास्ते बंद हो जाते हैं। साथ ही कार के ब्रेक, टायर, इंजन ऑयल और बैटरी की जांच भी करवा लें। कोशिश करें कि पहाड़ी रास्तों पर रात में कम ड्राइव करें, क्योंकि दिन का सफर ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।

यादगार ट्रिप के लिए जरूरी है स्मार्ट तैयारी

पहाड़ों की यात्रा तभी मजेदार लगती है जब सफर बिना टेंशन के पूरा हो। सिर्फ होटल बुक करना ही काफी नहीं होता, थोड़ी समझदारी और सही तैयारी भी जरूरी है। अगर आप पहले से जरूरी सामान कार में रखेंगे तो आपका ट्रिप ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और यादगार बन सकता है।