रेलवे क्रॉसिंग पर कुछ सेकंड की जल्दबाजी किस तरह बड़ा हादसा बन सकती है, इसका खौफनाक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग सहम गए हैं। एक तरफ रेलवे ट्रैक पर लगा लंबा जाम और दूसरी तरफ तेज रफ्तार से आती ट्रेन। इसी बीच एक ट्रक चालक की जिद और लापरवाही ने पूरे माहौल को चीख-पुकार में बदल दिया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे क्रॉसिंग पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कई बाइक, कार और बड़े वाहन ट्रैक के दोनों तरफ फंसे हुए हैं। लोग किसी भी तरह जल्दी निकलने की कोशिश कर रहे हैं। तभी दूर से ट्रेन का तेज हॉर्न सुनाई देता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग पीछे हटने के बजाय आगे बढ़ते रहते हैं।

इसी दौरान एक बड़ा ट्रक रेलवे पटरी पार करने की कोशिश करता है। ट्रक धीरे-धीरे ट्रैक के बीच पहुंच जाता है, लेकिन तभी तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच जाती है। ट्रेन लगातार हॉर्न बजाती रहती है, मगर ट्रक समय पर नहीं निकल पाता। कुछ ही सेकंड में ट्रेन सीधे ट्रक से जोरदार टक्कर मार देती है।

टक्कर इतनी भयानक होती है कि ट्रक के हिस्से दूर तक बिखर जाते हैं। हादसे के बाद वहां धूल और धुएं का बड़ा गुबार उठता है। आसपास मौजूद लोग डर के मारे चीखने लगते हैं और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते दिखाई देते हैं। वीडियो में कुछ लोग दूर खड़े होकर हैरानी से पूरा हादसा देखते नजर आते हैं।

यह खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लाखों लोग इसे देख चुके हैं। कई यूजर्स ने इस हादसे के लिए लोगों की जल्दबाजी और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि कुछ सेकंड बचाने के चक्कर में लोग अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल देते हैं। वहीं कुछ लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक नहीं होने को भी हादसे की वजह बताया।