महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतकों ने स्पिरिट और केमिकल मिलाकर तैयार की गई अवैध शराब का सेवन किया था। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में 8 लोगों की मौत हुई, जबकि पुणे के हडपसर इलाके में 2 और काले पड़ल इलाके में 3 लोगों ने दम तोड़ दिया। कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की भी खबर है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शराब पीने के कुछ देर बाद निकलने लगा झाग
स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब पीने के कुछ समय बाद ही लोगों की हालत अचानक खराब होने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और उन्हें उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन कई लोगों की रास्ते में ही मौत हो गई।
डॉक्टरों का कहना है कि शराब में जहरीले केमिकल या अत्यधिक मात्रा में स्पिरिट मिलाई गई हो सकती है, जिसकी वजह से शरीर पर तुरंत गंभीर असर पड़ा। फिलहाल मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
आरोपी योगेश वानखेडे गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह अवैध शराब योगेश वानखेडे नाम के व्यक्ति द्वारा तैयार की गई थी। आरोपी पहले से अवैध शराब बेचने के मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कई केस दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने कम कीमत में ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए शराब में स्पिरिट और अन्य केमिकल मिलाए थे। यही जहरीली शराब अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की गई थी।
प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
