नवीदुल हसन

अमेरिका में नए साल पर आतंकी खतरा टला, FBI ने समय रहते साजिश का किया पर्दाफाश

नॉर्थ कैरोलिना/वॉशिंगटन: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने नए साल की पूर्व संध्या पर नॉर्थ कैरोलिना में होने वाले एक संभावित आतंकी हमले को समय रहते नाकाम कर दिया। FBI के अनुसार, यह साजिश ISIS से प्रभावित होकर रची गई थी। इस मामले में एक 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान क्रिस्टन स्टरडिवेंट के रूप में हुई है, जो नॉर्थ कैरोलिना के मिंट हिल इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, आरोपी की योजना एक किराना स्टोर और एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट में लोगों पर चाकू और हथौड़े से हमला करने की थी।

जांच एजेंसियों ने बताया कि आरोपी ज्यादा से ज्यादा लोगों को नुकसान पहुंचाना चाहता था। इतना ही नहीं, उसकी योजना मौके पर पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने की थी। तलाशी के दौरान उसके पास से एक हाथ से लिखा हुआ प्लान मिला है, जिसका नाम था “New Years Attack 2026”। इस योजना में करीब 20 लोगों को चाकू मारने की बात लिखी हुई थी।

FBI के शार्लोट कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि FBI और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर इस हमले को नाकाम किया। एजेंसी ने बताया कि आरोपी सीधे तौर पर ISIS से प्रेरित था।

FBI के निदेशक काश पटेल ने भी कहा कि नए साल पर एक बड़ा हमला होने से पहले ही उसे रोक लिया गया। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता की सराहना की।