नवीदुल हसनजोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद की शपथ ली, ऐतिहासिक सबवे स्टेशन पर हुआ समारोह

डेमोक्रेट नेता जोहरान ममदानी ने गुरुवार तड़के (1 जनवरी 2026) न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह मैनहैटन के एक ऐतिहासिक और अब बंद हो चुके सबवे स्टेशन ‘सिटी हॉल स्टेशन’ में आयोजित किया गया। इसके साथ ही ममदानी अमेरिका के सबसे बड़े शहर के पहले मुस्लिम मेयर बन गए हैं।

शपथ लेते समय जोहरान ममदानी ने कुरान पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें यह शपथ न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिशिया जेम्स ने दिलाई। इस दौरान उनकी पत्नी रामा दुवाजी भी मौजूद रहीं।

शपथ ग्रहण के बाद जोहरान ममदानी ने कहा,

“यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और सौभाग्य है।”

यह समारोह पुराने सिटी हॉल सबवे स्टेशन में हुआ, जो न्यूयॉर्क के शुरुआती सबवे स्टेशनों में से एक है और अपनी सुंदर मेहराबदार छतों के लिए जाना जाता है।

जोहरान ममदानी का एक सार्वजनिक शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे सिटी हॉल में होगा, जहां उन्हें अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स शपथ दिलाएंगे। बर्नी सैंडर्स ममदानी के राजनीतिक आदर्शों में से एक माने जाते हैं।

मेयर बनने के बाद जोहरान ममदानी को रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी निपटना होगा। चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ममदानी चुनाव जीतते हैं तो वे न्यूयॉर्क को मिलने वाली संघीय फंडिंग रोक सकते हैं और शहर में नेशनल गार्ड भेजने की बात भी कही थी।

हालांकि, बाद में डोनाल्ड ट्रंप ने सबको चौंकाते हुए नवंबर में जोहरान ममदानी को व्हाइट हाउस आमंत्रित किया। यह बैठक सौहार्दपूर्ण रही।

ट्रंप ने कहा था,

“मैं चाहता हूं कि वह अच्छा काम करें और मैं इसमें उनकी मदद करूंगा।”

इसके बावजूद माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच नीतिगत मतभेद, खासकर आव्रजन (इमिग्रेशन) के मुद्दे पर, आगे फिर उभर सकते हैं।

जोहरान ममदानी को शहर के कुछ यहूदी समुदायों की ओर से भी विरोध और संदेह का सामना करना पड़ रहा है। इसका कारण इजरायल सरकार को लेकर उनकी आलोचनात्मक टिप्पणियां हैं।

चुनाव जीतने के बाद से ममदानी और उनकी टीम प्रशासनिक बदलाव की तैयारी में जुटी हुई थी। उन्होंने अपने आसपास ऐसे अनुभवी अधिकारियों को रखा है, जो पहले भी शहर प्रशासन में काम कर चुके हैं।