सरिमपुर गांव में क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां मून स्टार क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित सरिमपुर प्रीमियर लीग (SPL) नाइट मैच सीजन-2 का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन बक्सर नगर परिषद की चेयरपर्सन कमरूँन निशा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

फ्लडलाइट की रोशनी में खेला जा रहा है रोमांचक टूर्नामेंट

सैजनिया बाग ग्राउंड पर फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जा रहे इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न गांवों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सरिमपुर प्रीमियर लीग क्षेत्र की लोकप्रिय प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है, जिसका आयोजन हर वर्ष आईपीएल की तर्ज पर किया जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के साथ भाग ले रही हैं। सभी मुकाबले 8-8 ओवर के प्रारूप में शॉर्ट बाउंड्री पर खेले जा रहे हैं, जबकि खिलाड़ियों के लिए हर गेंद और चौके-छक्के पर आकर्षक इनाम भी निर्धारित किए गए हैं।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की पहल

टूर्नामेंट में जिले के पुराने और नए खिलाड़ियों का शानदार तालमेल देखने को मिल रहा है। आयोजन से जुड़े प्रमुख सदस्यों में विक्की खान, सद्दाम अंसारी, राजू खान, सोनू खान, इबरार नेता, टिंकू मास्टर, जाहिर खान, कद्दाफी, बाबा और दानिश शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल भावना को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन मैच में उमड़ी दर्शकों की भीड़

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे। मैच शुरू होते ही दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया। आयोजकों को उम्मीद है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों को कई रोमांचक और यादगार मुकाबले देखने को मिलेंगे। मून स्टार क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने बताया कि सरिमपुर प्रीमियर लीग क्षेत्र में क्रिकेट को नई पहचान देने का प्रयास है और आने वाले दिनों में प्रतियोगिता और भी रोमांचक होने वाली है।