बिहार की पहचान मानी जाने वाली शाही लीची इस बार केंद्र सरकार के खास फोकस में है। लगातार बदलते मौसम, कीटों के हमले और किसानों की बढ़ती चिंता को देखते हुए सरकार अब लीची की क्वालिटी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सक्रिय हो गई है। किसानों की फसल बचाने और लीची उत्पादन को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र ने एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाई है, जो जमीनी हालात देखकर जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यह कदम इसलिए भी अहम है क्योंकि शाही लीची न सिर्फ बिहार की मशहूर ही है बल्कि देश के फल-निर्यात में भी इसकी बड़ी भूमिका है
बिहार की मशहूर शाही लीची की गुणवत्ता और सुरक्षित उत्पादन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। किसानों द्वारा लगातार उठाई जा रही समस्याओं और फसल पर बढ़ते कीट-रोग के खतरे को देखते हुए केंद्र ने एक क्वालिटी कंट्रोल टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र (NLRC), मुजफ्फरपुर करेगा, जो एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके केंद्र सरकार को सौंपेगा।
सरकार के इस फैसले का मकसद यह समझना है कि पिछले सीजन में लीची की फसल को हुए नुकसान के पीछे असल कारण क्या हैं। किसानों ने बताया था कि फसल पर ‘स्टिंग बग’ नामक कीट का भारी असर पड़ा, जिससे पैदावार कम हो गई और बाजार में गुणवत्ता भी प्रभावित हुई।
नवनिर्मित टास्क फोर्स जमीनी स्तर पर जाकर किसानों से बात करेगी, प्रभावित बागों का निरीक्षण करेगी और वैज्ञानिक तरीके से यह तय करेगी कि लीची उत्पादन को बचाने के लिए कौन-से त्वरित कदम जरूरी हैं।
टीम में NLRC के निदेशक डॉ. विकास दास को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा बिहार कृषि विश्वविद्यालय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, राज्य बागवानी मिशन और पौधा संरक्षण निदेशालय के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। टीम का लक्ष्य न सिर्फ तुरंत राहत देना है बल्कि लीची उत्पादन के लिए दीर्घकालिक सुरक्षा रणनीति तैयार करना भी है।
कृषि मंत्रालय का मानना है कि इस पहल से न केवल बिहार के किसानों को फायदा होगा, बल्कि देश में फलों की गुणवत्ता सुधारने और निर्यात बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। रिपोर्ट आने के बाद केंद्र सरकार आगे की कार्ययोजना में बदलाव कर सकती है, जिसमें नए कीटनाशक, बेहतर निगरानी और फसल सुरक्षा के आधुनिक तरीके शामिल हो सकते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम शाही लीची बेल्ट में किसानों का भरोसा बढ़ाएगा और आने वाले सीज़न में उत्पादन तथा गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।
