वाराणसी। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यमंत्री मनोज राय धूपचण्डी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में जननेता अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव का मन बना चुकी है। जनता अब ऐसे शासन की अपेक्षा कर रही है जो विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दे। मनोज राय धूपचण्डी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के भीतर असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण के दावों तक सीमित है, जबकि धरातल पर स्थिति बिल्कुल अलग दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई से लेकर खेती और व्यापार तक हर क्षेत्र महंगाई की मार झेल रहा है. पेट्रोल, डीजल, रसोई

मनोज राय धूपचण्डी जी ने आगे कहा की गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से राहत चाहती है, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में असफल रही है। पूर्व राज्यमंत्री ने बेरोजगारी को प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। नियमित भर्तियां नहीं हो रही हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मनोज राय धूपचण्डी ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में उठ रहे विभिन्न आरोपों और चर्चाओं पर पारदर्शिता आवश्यक है तथा जनता के समक्ष सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि जनता के विश्वास से जुड़े प्रत्येक विषय पर पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों की आवाज उठाती रही है। पार्टी प्रदेश के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को स्पष्ट जनादेश देगी और वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। मनोज राय धूपचण्डी ने कार्यकताओं से अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन लगातार समाजवादी पार्टी के पक्ष में बढ़ रहा है और आने वाला समय प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन का होगा।