सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाने पर भड़की आरजेडी Source : Abp News
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से आमरण भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल ले जाने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। इस कार्रवाई पर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से भी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका भारती ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
प्रियंका भारती का सरकार पर तीखा हमला
आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से जबरन हटाया गया है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “सरकार को यह बात समझ नहीं आई कि लोकतंत्र के चीरहरण को कपड़ों से कैसे ढकेंगे?”
उन्होंने आगे कहा, “याद रखिएगा, जितने छात्रों ने आत्महत्या की, उनके लहू आपके कपड़ों पर हैं। एक समय ऐसा आएगा, जब भाजपाई खुद यह बताने में शर्म करेंगे कि वे भाजपा से जुड़े थे।” प्रियंका भारती के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।
दिल्ली पुलिस ने बताई कार्रवाई की वजह
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, लगातार 21 दिनों की भूख हड़ताल के कारण उनकी तबीयत बिगड़ रही थी। हाई कोर्ट के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर उन्हें मेडिकल निगरानी में अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध करते हुए बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की।
सोनम वांगचुक के समर्थन में तेज हुई सियासत
सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। कई विपक्षी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कदम पूरी तरह स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उठाया गया।
सोनम वांगचुक और उनके समर्थक NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और कथित परीक्षा घोटालों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं।
