पटना में स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (SIO) बिहार के तत्वावधान में “हया ज़िंदगी है” शीर्षक से 15 दिवसीय जागरूकता मुहिम को लॉन्च किया गया। यह अभियान 14 अप्रैल से 28 अप्रैल तक पूरे बिहार में चलाया जाएगा, जिसके तहत समाज में नैतिक मूल्यों और शालीनता के प्रति जागरूकता फैलाने की कोशिश की जाएगी।

लॉन्च के अवसर पर SIO बिहार के स्टेट प्रेसिडेंट दानयाल अकरम मौजूद रहे। उनके साथ संगठन के अन्य राज्य स्तरीय जिम्मेदार और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। इस दौरान औपचारिक रूप से मुहिम की शुरुआत की गई।

इस अभियान के तहत बिहार के विभिन्न जिलों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक स्थलों पर अलग-अलग गतिविधियों के जरिए लोगों तक संदेश पहुंचाया जाएगा। खास तौर पर युवाओं को केंद्र में रखते हुए उन्हें शालीनता, नैतिकता और जिम्मेदारी जैसे मूल्यों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, “हया ज़िंदगी है” मुहिम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और एक बेहतर सामाजिक वातावरण तैयार करना है। आज के दौर में बदलते सामाजिक परिदृश्य के बीच इस तरह की पहल को जरूरी बताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अभियान लोगों के बीच अच्छा संदेश पहुंचाने में सफल होगा।

यह 15 दिवसीय मुहिम पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर चलायी जाएगी और इसके जरिए विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।