संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद परिसर में मुलाकात की। इस मुलाकात को मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और छात्रों से जुड़े मुद्दों के बीच काफी अहम माना जा रहा है। इससे एक दिन पहले शरद पवार और सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर किया जा रहा है। एनसीपी (एसपी) ने इस मुद्दे पर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी खुलकर समर्थन किया है।
Sharad Pawar Meet PM Modi: संसद में पीएम मोदी से मिले शरद पवार और सुप्रिया सुले, सियासी गलियारों में बढ़ी हलचलSource : Amarujala.com
केंद्र सरकार से शरद पवार की अपील
शरद पवार ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह छात्रों और आम नागरिकों की मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुने। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को अपने अधिकारों के तहत आवाज उठाने का अधिकार देता है और सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है। ऐसे में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे लोगों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगों पर उचित और सकारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
NDA में शामिल होने की अटकलों पर शरद पवार गुट का जवाब
वहीं, हाल के दिनों में एनसीपी (एसपी) के एनडीए में शामिल होने और किसी नए राजनीतिक गठबंधन की चर्चाओं को लेकर सुप्रिया सुले ने साफ तौर पर इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता को किसी दूसरे राजनीतिक दल की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। दरअसल, मुंबई में एनसीपी के कुछ नेताओं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई मुलाकातों के बाद इस तरह की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, शरद पवार गुट ने स्पष्ट किया कि ये बैठकें केवल प्रशासनिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर थीं, किसी राजनीतिक गठबंधन या एनडीए में शामिल होने को लेकर नहीं।
