Rjd

Rjd

पटना। राजद के निवर्तमान प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने छात्र आंदोलन के बाद सरकार और छात्र नेताओं के बीच हुए समझौते पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समझौते के नाम पर छात्रों की कई प्रमुख मांगों को टाल दिया गया है, जिससे आंदोलनकारी छात्रों में नाराजगी बढ़ रही है।

गगन ने कहा कि TRE-4 को छोड़कर ज्यादातर मुद्दों को प्रस्तावित कमेटी के हवाले कर दिया गया है। उनके मुताबिक, TRE-4 में भी एकल परीक्षा की मांग को ही प्रमुखता मिली, जबकि परीक्षा की तारीख और चयनित अभ्यर्थियों के योगदान की समयसीमा स्पष्ट नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सीटों की संख्या भी कम कर दी गई है, जबकि विधानसभा चुनाव से पहले एक लाख शिक्षकों की बहाली का वादा किया गया था।

राजद नेता ने कहा कि वादे के मुताबिक 28 हजार कंप्यूटर शिक्षक, 6,500 लाइब्रेरियन और 6,020 शारीरिक शिक्षक एवं अनुदेशक की बहाली का मुद्दा भी समझौते में प्रभावी तरीके से शामिल नहीं किया गया। इसके अलावा वर्षों से लंबित BSSC परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग को भी आगे टाल दिया गया।

उन्होंने 70वीं BPSC और 1,799 दारोगा पदों के घोषित परिणामों में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया। गगन के अनुसार, आंदोलनकारी छात्र इन परिणामों को रद्द कर जांच कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन इस मांग को भी प्रस्तावित कमेटी के हवाले कर दिया गया है।

गगन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों की अन्य मांगों पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है तो छात्रों का आक्रोश फिर बढ़ सकता है और वे दोबारा सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हो सकते हैं।