भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देश में बिकने वाले कई बड़े 'एनर्जी ड्रिंक' ब्रैंड्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. FSSAI ने बुधवार को 'एनर्जी ड्रिंक' के नाम से बेचे जा रहे प्रोडक्ट की ब्रांडिंग और भ्रामक दावों को लेकर छह प्रमुख कंपनियों को नियमों के उल्लंघन और भ्रामक दावों के लिए नोटिस भेजा है.

P | Source: Pinterest

Source : Pinterest

कौन-कौन ब्रांड शामिल?

FSSAI ने जिन छह ब्रांड को नोटिस भेजा है, उनमें रेड बुल एनर्जी ड्रिंक, पेप्सिको की एड्रेनालिन रश एनर्जी ड्रिंक, रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की कैंपा एनर्जी ड्रिंक गोल्ड बूस्ट, स्टिंग एनर्जी ड्रिंक, हेल एनर्जी और कोका-कोला समर्थित मॉन्स्टर एनर्जी शामिल हैं.

FSSAI ने इंस्टाग्राम पर जारी एक पोस्ट में बताया कि इन ब्रांड को 'एनर्जी ड्रिंक' के रूप में उत्पादों की ब्रांडिंग और प्रचार करने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं. नियामक का कहना है कि मौजूदा समय में उसके नियमों के तहत 'एनर्जी ड्रिंक' नाम की कोई अलग खाद्य श्रेणी निर्धारित नहीं की गई है. इसके बावजूद कंपनियां अपने उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल पर 'एनर्जी ड्रिंक' जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है.

बिक्री पर रोक नहीं, अब कंपनियों के जवाब का इंतजार

FSSAI ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इन प्रोडक्ट्स की बिक्री पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। कंपनियों से जवाब मांगा गया है और लेबलिंग व मार्केटिंग को नियमों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल विवाद इस बात को लेकर है कि कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स को किस नाम और किन दावों के साथ बेच रही हैं। अब सभी की नजर कंपनियों के जवाब पर होगी। यदि FSSAI को जवाब संतोषजनक नहीं लगता है, तो आगे नियामकीय कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल इस मामले में कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।