
प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल अपने बच्चों आर्ची और लिलिबेट के साथ ब्रिटेन लौटने की खबरों के बीच।Source : Chrome
प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल के ब्रिटेन लौटने की खबरों ने एक बार फिर शाही परिवार को चर्चा में ला दिया है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ससेक्स के ड्यूक और डचेस अगस्त के अंत तक अमेरिका छोड़कर ब्रिटेन में रहने की तैयारी कर रहे हैं। खबरों के अनुसार, उनके दोनों बच्चों प्रिंस आर्ची और प्रिंसेस लिलिबेट का ब्रिटेन के एक स्कूल में दाखिला भी कराया गया है। हालांकि, उनकी वापसी का मतलब शाही जिम्मेदारियों में लौटना नहीं होगा।
ब्रिटेन में नया ठिकाना बनाने की तैयारी
हैरी और मेगन लंदन के बाहर एक निजी घर में रह सकते हैं। यह किसी आधिकारिक शाही संपत्ति का हिस्सा नहीं होगा। बच्चों के स्कूल में दाखिले की खबर के बाद माना जा रहा है कि परिवार ब्रिटेन में लंबे समय तक रहने की योजना बना रहा है।
2020 में छोड़ी थी शाही भूमिका
प्रिंस हैरी और मेगन ने 2020 में वरिष्ठ कार्यरत शाही सदस्यों की जिम्मेदारियों से अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों उत्तरी अमेरिका चले गए और अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने लगे। उनके इस फैसले को मीडिया में ‘मेग्जिट’ नाम दिया गया।शाही परिवार से अलग होने के बाद हैरी और मेगन ने कई इंटरव्यू और सार्वजनिक बयान दिए। ओपरा विनफ्रे के साथ उनका इंटरव्यू और हैरी की आत्मकथा ‘Spare’ काफी चर्चा में रही थी।
किंग चार्ल्स को दी गई जानकारी
किंग चार्ल्स तृतीय को हैरी और मेगन की ब्रिटेन वापसी की संभावित योजना के बारे में जानकारी दी गई है। माना जा रहा है कि इससे राजा को अपने पोते-पोती के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिल सकताहै।
हालांकि, इस संभावित वापसी से हैरी और मेगन की आधिकारिक शाही स्थिति में कोई बदलाव नहीं होगा। दोनों कार्यरत शाही सदस्यों के तौर पर सार्वजनिक जिम्मेदारियां निभाते नजर नहीं आएंगे।
जुलाई में पिता से हुई थी मुलाकात
बताया गया है कि हैरी और मेगन जुलाई की शुरुआत में अपने बच्चों के साथ ब्रिटेन आए थे। इस दौरान प्रिंस हैरी की अपने पिता किंग चार्ल्स के साथ निजी मुलाकात भी हुई थी।
हैरी पहले भी अपने पिता के साथ रिश्ते सुधारने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में ब्रिटेन लौटने की खबर को पिता-पुत्र के रिश्ते में सुधार की दिशा में भी देखा जा रहा है।
प्रिंस विलियम को जानकारी थी या नहीं?
हैरी के बड़े भाई प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी कैथरीन को इस संभावित वापसी के बारे में पहले से जानकारी थी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्तों की खबरें सामने आती रही हैं।
अमेरिका में उम्मीद के मुताबिक नहीं मिली सफलता?
शाही मामलों के जानकारों ने हैरी और मेगन के ब्रिटेन लौटने की संभावित वजहों पर भी चर्चा की है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में उन्हें वह सफलता नहीं मिली जिसकी शुरुआत में उम्मीद की गई थी।हालांकि, दोनों ने नेटफ्लिक्स के साथ बड़े समझौते किए और कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया। बाद में उनके साथ नया और पहले की तुलना में सीमित समझौता भी हुआ।
कैलिफोर्निया और पुर्तगाल की संपत्ति भी रखेंगे
हैरी और मेगन कैलिफोर्निया के मोंटेसिटो स्थित अपने घर को बरकरार रख सकते हैं। पुर्तगाल में उनकी संपत्ति भी उनके पास रहने की संभावना है।फिलहाल प्रिंस हैरी और मेगन की ओर से ब्रिटेन लौटने की इन खबरों पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उनकी वापसी की अंतिम स्थिति आने वाले दिनों में ही साफ होगी।
