Prashant Kishore

Prashant Kishore

मुजफ्फरपुर। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने डस्टबिन खरीद मामले को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डस्टबिन की खरीद की प्रक्रिया तेजस्वी यादव के स्वास्थ्य मंत्री रहते शुरू हुई थी, इसलिए इस मामले में केवल मंगल पांडेय ही नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

प्रशांत किशोर ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खरीद प्रक्रिया में किसकी क्या भूमिका थी। उन्होंने सरकार से मामले की जांच कराने की मांग की।

इसके साथ ही PK ने दिल्ली में बिहार के एक मंत्री के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना की चर्चा सामने आ रही है, जिसमें एक मंत्री पर दिल्ली में एक लड़की से छेड़खानी का आरोप लगने के बाद उनके साथ जूता-चप्पल से मारपीट किए जाने की बात कही जा रही है।

प्रशांत किशोर ने इस कथित घटना को लेकर बिहार सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार के मुखिया के चरित्र पर ही गंभीर सवाल हों, तो मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों और व्यवस्था से जुड़े लोगों को लेकर भी ऐसी घटनाओं की चर्चा सामने आती रहेगी।