दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला। पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा जनसभा को संबोधित करते हुए भावुक हो गए और मंच पर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने दतिया की जनता से आशुतोष तिवारी को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।
'एक-एक गांव जाऊंगा, आशुतोष को जिताऊंगा'
सभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने हाथ जोड़कर कहा कि दतिया की जनता उनके लिए मालिक के समान है। उन्होंने कहा कि वह जनता के एक-एक दरवाजे पर जाएंगे, हर गांव में पहुंचेंगे और आशुतोष तिवारी की जीत के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का हर कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी की जीत के लिए पूरी मेहनत करेगा और कोई भी यह न सोचे कि पार्टी का कार्यकर्ता चुनाव में निष्क्रिय रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि 16 जुलाई से सभी कार्यकर्ता दतिया में डेरा डालकर चुनाव प्रचार करेंगे।
सीएम मोहन यादव भी पहुंचे दतिया
नामांकन से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ भोपाल से दतिया पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्होंने स्थानीय नेताओं से मुलाकात की और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
टिकट वितरण को लेकर उठे असंतोष के सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मतभेद दूर हो चुके हैं और पूरी बीजेपी एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है।
आशुतोष तिवारी को बताया छोटा भाई
नामांकन से पहले नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी एक साथ नजर आए। इस दौरान नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आशुतोष उनके छोटे भाई जैसे हैं। वहीं आशुतोष तिवारी ने नरोत्तम मिश्रा को अपना राजनीतिक और व्यक्तिगत अभिभावक बताया।
30 जुलाई को मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों के उम्मीदवारों ने अपना-अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अब इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे
