पटना। मदरसा और संस्कृत शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की ओर से 27 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान नहीं होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
मंगनी लाल मंडल ने आरोप लगाया कि मदरसा और संस्कृत शिक्षकों के वेतन भुगतान एवं अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर शिक्षा विभाग गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन लंबित रहने के कारण शिक्षकों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है, लेकिन सरकार की ओर से इस दिशा में प्रभावी पहल नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राजद मदरसा एवं संस्कृत शिक्षकों के साथ हर स्तर पर खड़ा है। इसी क्रम में 27 अगस्त को गर्दनीबाग में होने वाले धरने के माध्यम से मदरसा एवं संस्कृत शिक्षा बोर्ड के कथित अन्यायपूर्ण व्यवहार और शिक्षकों के लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई जाएगी।
मंडल ने राज्य सरकार से शिक्षकों के प्रति अपनी नीति में बदलाव करने और लंबित वेतन भुगतान के लिए जल्द आदेश जारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में शीघ्र कदम नहीं उठाया तो सड़क पर आंदोलन को और तेज किया
जाएगा।
