संसद के मॉनसून सत्र से पहले संसद भवन के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था। | Source: Chrome

संसद के मॉनसून सत्र से पहले संसद भवन के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।Source : Chrome

20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मॉनसून सत्र से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन, प्रस्तावित संसद मार्च और संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए संसद परिसर के आसपास धारा 163 लागू कर दी गई है। पुलिस ने संसद मार्च को अनुमति नहीं दी है, जबकि ट्रैफिक को लेकर भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।

संसद मार्च पर रोक, धारा 163 लागू

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस के मुताबिक, मार्च के लिए अब तक कोई औपचारिक आवेदन भी नहीं मिला है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए संसद के आसपास BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत भीड़ जुटाने और बिना अनुमति प्रदर्शन पर रोक रहेगी। पुलिस पूरे इलाके की लगातार निगरानी कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, सांसदों के लिए भी निर्देश

जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और सोनम वांगचुक के अनशन को देखते हुए संसद के आसपास मल्टीलेयर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चलाने की अपील की है। वहीं सांसदों को संसद परिसर में धरना, प्रदर्शन, उपवास, धार्मिक आयोजन, पोस्टर, बैनर और प्लेकार्ड लाने से भी मना किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में कुछ पोस्टरों पर एआई से तैयार आपत्तिजनक तस्वीरें और नारे सामने आए थे, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के ऐलान पर भी नजर

20 जुलाई को जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, इस कार्यक्रम के लिए भी अभी तक दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि हालात के अनुसार आगे का फैसला लिया जाएगा।

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन मार्गों से बचने की सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मॉनसून सत्र के दौरान राजधानी में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका जताते हुए एडवाइजरी जारी की है। संसद सत्र के दौरान रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोका रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड पर सुरक्षा कारणों से समय-समय पर ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जहां तक संभव हो इन मार्गों से बचें।