डिंपल यादव जंतर मंतर | Source: ABP NEWSडिंपल यादव जंतर मंतर Source : ABP NEWS

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में डिंपल यादव एक घायल प्रदर्शनकारी की मदद करती नजर आ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद डिंपल यादव तुरंत उसके पास पहुंचीं और उसकी देखभाल में जुट गईं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की जमकर चर्चा हो रही है।

घायल प्रदर्शनकारी की मदद के लिए तुरंत पहुंचीं डिंपल यादव

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अचानक एक युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच वहां मौजूद डिंपल यादव बिना देर किए युवक के पास पहुंचीं और जमीन पर बैठकर उसकी हालत का जायजा लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह युवक को पानी पिलाने की कोशिश कर रही हैं और आसपास मौजूद लोगों से तुरंत प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने के लिए कह रही हैं। इस दौरान उन्होंने मेडिकल सहायता जल्द उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

1

वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर मिली सराहना

वीडियो में डिंपल यादव घायल प्रदर्शनकारी को हवा करती हुई भी नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि उनके हाथ पर खुद भी पट्टी बंधी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी चोट की परवाह किए बिना युवक की मदद की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने इंसानियत का परिचय दिया है। कई लोगों ने टिप्पणी की कि “वो भी एक मां हैं, इसलिए किसी को तकलीफ में नहीं देख सकीं।” वहीं अन्य यूजर्स ने इसे संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण बताते हुए डिंपल यादव की सराहना की।