अगर आप iPhone इस्तेमाल करते हैं तो आपने स्क्रीन के ऊपर कभी न कभी हरे (Green) या नारंगी (Orange) रंग का छोटा डॉट जरूर देखा होगा। ज्यादातर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ये छोटे से संकेत आपकी प्राइवेसी से जुड़े बेहद अहम फीचर हैं। Apple ने इन्हें इसीलिए बनाया है ताकि यूजर्स को तुरंत पता चल सके कि कोई ऐप उनके कैमरा या माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रहा है या नहीं।

आज के डिजिटल दौर में जहां प्राइवेसी सबसे बड़ा मुद्दा बन चुकी है, वहां ये फीचर आपको संभावित जासूसी या अनचाहे एक्सेस से सतर्क रहने में मदद करते हैं।

Green Dot दिखे तो समझिए कैमरा चालू है

अगर iPhone की स्क्रीन के ऊपर हरे रंग का डॉट दिखाई दे रहा है, तो इसका मतलब है कि कोई ऐप आपके कैमरा का इस्तेमाल कर रहा है।

यह आमतौर पर तब दिखाई देता है जब आप:

- फोटो या वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हों

- FaceTime कॉल पर हों

- वीडियो मीटिंग में शामिल हों

- किसी ऐप के जरिए कैमरा इस्तेमाल कर रहे हों

ध्यान देने वाली बात यह है कि अगर कोई ऐप कैमरा और माइक्रोफोन दोनों का इस्तेमाल कर रहा हो, तब भी iPhone केवल Green Dot ही दिखाता है।

Orange Dot का क्या मतलब है?

नारंगी रंग का डॉट इस बात का संकेत देता है कि कोई ऐप आपके माइक्रोफोन को एक्सेस कर रहा है।

यह डॉट आमतौर पर तब दिखाई देता है जब:

- आप फोन कॉल पर हों

- Voice Note रिकॉर्ड कर रहे हों

- Siri का इस्तेमाल कर रहे हों

- Voice Message भेज रहे हों

सीधे शब्दों में कहें तो Orange Dot का मतलब है कि आपका iPhone इस समय आपकी आवाज सुन रहा है।

बिना वजह Dot दिखे तो हो जाएं सतर्क

अगर Green या Orange Dot उस समय दिखाई दे जब आपने कोई कैमरा या माइक्रोफोन वाला ऐप नहीं खोला है, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए।

हालांकि हर बार इसका मतलब खतरा नहीं होता, लेकिन संभव है कि किसी ऐप को पहले से दी गई अनुमति के कारण वह बैकग्राउंड में कैमरा या माइक्रोफोन इस्तेमाल कर रहा हो।

कैसे पता करें कौन सा ऐप कर रहा है इस्तेमाल?

अगर आप जानना चाहते हैं कि हाल ही में किस ऐप ने कैमरा या माइक्रोफोन एक्सेस किया था, तो:

- स्क्रीन के ऊपर दाईं तरफ से नीचे की ओर Swipe करें

- Control Center खोलें

- सबसे ऊपर उस ऐप का नाम दिखाई देगा जिसने हाल ही में कैमरा या माइक्रोफोन इस्तेमाल किया है

क्या Green और Orange Dot को बंद किया जा सकता है?

नहीं। Apple इन दोनों संकेतों को बंद करने का विकल्प नहीं देता। इन्हें iOS में स्थायी Privacy Feature के रूप में शामिल किया गया है ताकि यूजर्स हमेशा अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक रहें।

कैमरा और माइक्रोफोन की Permission कैसे हटाएं?

अगर किसी ऐप पर आपको शक है तो उसकी अनुमति तुरंत बंद की जा सकती है।

इसके लिए:

- Settings खोलें

- Privacy & Security पर जाएं

- Camera या Microphone विकल्प चुनें

- जिस ऐप पर भरोसा न हो उसकी Permission बंद कर दें

इस छोटे से कदम से आप अपनी डिजिटल प्राइवेसी को और सुरक्षित बना सकते हैं।