फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले के टिकटों की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ टिकटों की रीसेल कीमत 2.3 मिलियन डॉलर (करीब 22 करोड़ रुपये) से भी अधिक पहुंच गई है, जो किसी भी खेल आयोजन के सबसे महंगे टिकटों में गिनी जा रही है।
डायनेमिक प्राइसिंग से बढ़ी टिकटों की कीमत
फीफा की डायनेमिक प्राइसिंग नीति के तहत टिकटों की कीमत मांग के अनुसार बदल रही है। यही वजह है कि फाइनल की प्रीमियम सीटों के दाम लगातार बढ़ते गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, पिच के सबसे करीब वाली सीटों की औसत कीमत 32,970 डॉलर (करीब 31.7 लाख रुपये) तक पहुंच चुकी है।
आधिकारिक रीसेल प्लेटफॉर्म पर भी महंगे टिकट
फीफा के आधिकारिक रीसेल प्लेटफॉर्म पर भी टिकटों की कीमतें काफी ऊंची हैं।
- कैटेगरी-3 टिकट लगभग 8,000 डॉलर (करीब ₹7.7 लाख) से शुरू हो रहे हैं।
- कैटेगरी-1 टिकटों की शुरुआती कीमत करीब 11,700 डॉलर (लगभग ₹11.3 लाख) है।
- सेकेंडरी रीसेल मार्केट में कुछ कैटेगरी-1 टिकटों की कीमत 575,000 डॉलर (करीब ₹5.5 करोड़) तक पहुंच गई है।
- वहीं, फ्रंट रो प्रीमियम सीटों के लिए 595,000 डॉलर (करीब ₹5.7 करोड़) तक मांगे जा रहे हैं।
सबसे महंगा टिकट 22 करोड़ रुपये से अधिक
रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम के लोअर डेक, ब्लॉक 124, रो 45 में स्थित चार सीटों का पैकेज सबसे महंगा बताया जा रहा है। इसकी कीमत 2.3 मिलियन डॉलर (करीब ₹22.14 करोड़) रखी गई है।
कतर वर्ल्ड कप 2022 से कई गुना महंगा
फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल की तुलना में इस बार टिकटों की कीमतों में कई गुना बढ़ोतरी देखने को मिली है। कतर वर्ल्ड कप फाइनल के आधिकारिक टिकट करीब 750 डॉलर से शुरू हुए थे, जबकि सेकेंडरी मार्केट में उनकी कीमत लगभग 4,000 डॉलर तक पहुंची थी। इसके मुकाबले 2026 फाइनल के टिकट कई गुना महंगे हो गए हैं।
मेसी और यमाल की टक्कर ने बढ़ाया रोमांच
फाइनल में एक ओर अनुभवी स्टार लियोनेल मेसी होंगे तो दूसरी ओर स्पेन के युवा खिलाड़ी लामिन यामाल। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला फुटबॉल प्रेमियों के लिए सबसे बड़े आकर्षणों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, रिकॉर्ड तोड़ टिकट कीमतों ने यह बहस भी छेड़ दी है कि क्या दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल अब आम दर्शकों की पहुंच से दूर होता जा रहा है।
