
सोशल मीडिया पर इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP का नाम काफी तेजी से वायरल हो रहा है। पहले यह सिर्फ मीम्स और ऑनलाइन मजाक तक सीमित था, लेकिन अब यह ट्रेंड फैशन और मर्चेंडाइज तक पहुंच गया है। खासकर Gen-Z यानी युवाओं के बीच इसका अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवा कॉकरोच प्रिंट वाली टी-शर्ट बनवाते और उन्हें पहनकर वीडियो शूट करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में अलग-अलग तरह की टी-शर्ट दिखाई दे रही हैं। कुछ टी-शर्ट पर सिर्फ कॉकरोच की तस्वीर बनी हुई है, जबकि कई पर “Cockroach Janta Party”, “Wake Up Gen-Z” और “Proud Cockroach” जैसे स्लोगन लिखे नजर आते हैं। वीडियो में कुछ लोग प्रिंटिंग मशीन से टी-शर्ट तैयार करवाते दिख रहे हैं और बाद में उन्हें पहनकर कैमरे के सामने पोज भी देते हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, “It’s going in another direction”, यानी यह ट्रेंड अब एक नए लेवल पर पहुंच चुका है।
दरअसल, कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” शब्द अचानक ट्रेंड करने लगा था। इसके पीछे कथित तौर पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के एक बयान की चर्चा हुई, जिसमें रोजगार, युवाओं और एक्टिविस्ट्स को “कॉकरोच” कहे जाने का दावा किया गया। हालांकि इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस भी हुई। इसके बाद इंटरनेट यूजर्स ने “कॉकरोच” शब्द को विरोध और व्यंग्य के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते इस पर मीम्स, पोस्टर, वीडियो और अब टी-शर्ट तक बनने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस नए ट्रेंड को लेकर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ यूजर्स का कहना है कि यह युवाओं की डिजिटल क्रांति और नाराजगी दिखाने का नया तरीका है। वहीं कई लोग इसे सिर्फ सोशल मीडिया की हाइप और ऑनलाइन बिजनेस का हिस्सा बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “यह ट्रेंड सिर्फ पैसा कमाने का तरीका बन गया है।” दूसरे यूजर ने मजाक में लिखा, “अगर किसी को ऐसी टी-शर्ट पहने देखा तो मैं उससे दूर रहूंगा।
कुछ लोगों को यह ट्रेंड काफी मजेदार लग रहा है। एक यूजर ने लिखा कि “कॉकरोच सुपरहीरो” वाली थीम पर भी कपड़े आने चाहिए। वहीं कई यूजर्स ने पूछा कि ऐसी टी-शर्ट की कीमत कितनी है और क्या यह ऑनलाइन उपलब्ध है। दूसरी तरफ कुछ लोगों का मानना है कि यह ट्रेंड ज्यादा दिन नहीं चलेगा और कुछ ही दिनों में खत्म हो जाएगा।

